नशे में धुत महिला ने दो घंटे तक किया शहर व अस्पताल में हंगामा, अदालत ने दो दिन के लिए जेल भेजी

मंडी । नशे में धुत एक महिला ने मंडी शहर व क्षेत्रीय अस्पताल में दो घंटे तक जमकर हंगामा किया। महिला महामृत्युजंय चौक पर सड़क के बीचों बीच गाडिय़ों के आगे लेट गई, इससे करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची शहरी पुलिस चौकी की टीम पर भी महिला ने ईंटें व पत्थर बरसाए। इससे कई पुलिस कर्मियों व सड़क से गुजर रहे लोगों को आंशिक चोटें आई हैं। पुलिस कर्मी महिला को समझा बुझाकर उससे घर जाने का आग्रह करते रहे, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आई। बाद में पुलिस टीम महिला को दबोच पुलिस चौकी ले गई। हुड़दंग मचाने के आरोप में गिरफ्तार करने के बाद पुलिस उसे मेडिकल जांच के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ले गई। वहां भी महिला ने जमकर हंगामा किया। पुलिस कर्मियों व चिकित्सकों के साथ गाली गलौज किया। महिला धर्मपुर क्षेत्र की रहने वाली है। मंडी शहर में किराये के मकान में रहती है। नशे में धुत होकर आए दिन हंगामा करना उसकी फितरत बन गई है। महिला ने पुलिस के नाक में दम कर रखा है। कुछ माह पहले हुड़दंग मचाने के आरोप में पुलिस ने महिला को गिरफ्तार किया था। सोमवार को मंडी की एक अदालत ने उसे 300 रुपये जुर्माना लगाया था। शाम को महिला ने फिर हंगामा खड़ा कर दिया। पुलिस ने महिला को मंगलवार दोपहर बाद कोर्ट में पेश किया। अदालत ने दोबारा महिला को जुर्माना लगाया है। पुलिस ने अदालत से महिला को नारी निकेतन भेजने की गुहार लगाई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंडी आशीष शर्मा का कहना है महामृत्युजंय चौक पर हंगामा करने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया है। महिला को अदालत ने तीन हजार रुपये जुर्माना लगाया है और दो दिन के लिए जेल भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *