राजनैतिक द्वेष के चलते लोकतंत्र की मर्यादाओं को तार तार करने में लगी है भाजपा: यशवंत सिंह छाजटा

जिला शिमला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष यशवंत सिंह छाजटा,शिमला शहरी के अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी ने प्रदेश भाजपा सरकार पर आरोप लगाया है कि वह राजनैतिक द्वेष के चलते लोकतंत्र की मर्यादाओं को तार तार करने में लगी है।उन्होंने कहा है कि भाजपा देश के इतिहास से छेड़छाड़ कर कांग्रेस नेताओं का घोर अपमान करने पर तुली है,जिसे कांग्रेस कभी सहन नही करेगी।
छाजटा व चौधरी ने आज यहां जारी एक संयुक्त बयान में कहा कि रोहतांग टनल के निर्माण में जिस प्रकार की ओछी राजनीति भाजपा नेताओं ने की है,वह निंदनीय है।उन्होंने कहा कि रोहतांग टनल के निर्माण में कांग्रेस का ही योगदान है।उन्होंने कहा कि 28 जून,2010 में  तत्कालीन यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इसकी आधारशिला रख कर इसके निर्माण को विधिवत रूप से शुरू करवाया था।
छाजटा व चौधरी ने कहा कि इस टनल से उनकी अध्यक्ष सोनिया गांधी की आधारशिला को वहां से गायब करना,भाजपा की एक सोची समझी राजनैतिक साजिश है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने राष्ट्रीय नेता का इस तरह का अपमान सहन नही कर सकती।
छाजटा व चौधरी ने कहा है कि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर की कड़ी आपत्ति के बाद बीआरओ ने इस पट्टिका को उनके पास सुरक्षित होने की बात तो स्वीकारी है,पर इसे वहां से क्यों निकाला गया, यह प्रश्न अभी भी है।उन्होंने कहा कि सरकार अपनी जिम्मेदारी से नही बच सकती।उन्होंने बीआरओ से पूछा है कि वह स्पष्ट करें कि उन्होंने किस के आदेश से उनकी नेता की यह ऐतिहासिक महत्व की पट्टिका को निकालने की हिम्मत की।उन्होंने बीआरओ से यह भी पूछा है कि अब वह इसे पुनःस्थापित करने के लिए किस के आदेशों का इंतजार कर रहें है।
कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश सरकार को चेतावनी दी है कि अगर उन्होंने इस पूरे मामलें की जांच और इस पट्टिका को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के दिये अल्टीमेटम के अंदर नही लगाया तो वह प्रदेश में कांग्रेस के एक बड़े आंदोलन से निपटने को तैयार हो जाये।उन्होंने कहा है कि यह उनके नेता का ही नही,देश के लोकतंत्र का भी घोर अपमान है जिसे कभी भी सहन नही किया जा सकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *