चंबा। जिला के भरमौर के तहत आती ग्राम पंचायत खणी में एक तीन मंजिला मकान आग की भेंट चढ़ गया। इस घटना में प्रारंभिक तौर पर 15 लाख रूपये का नुकसान आंका गया है। यह वाक्या सोमवार को सुबह के वक्त पेश आया। मामले की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने खुद आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। साथ ही अग्निशमन विभाग खड़ामुख को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर टीम ने आग पर नियंत्रण पाया।बताया जा रहा है जिस मकान में आग लगी, वहां कोई नहीं रहता था। लेकिन वहां नौ परिवारों का सर्दियों का राशन व पशुओं के लिए चारा रखा था। ग्रामीणों ने बताया कि यह आग सुबह के वक्त लगने से काफी संपति बची है। अगर रात के समय यह घटना होती तो गांव को भी खतरा हो सकता था।
वही, मकान के साथ लगते दो अन्य मकानों को भी आंशिक रूप से नुकसान हुआ है। पंचायत प्रधान अंजू देवी ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे। कहा कि ग्रामीणों व फायर टीम ने आग पर नियंत्रण पाया। कहा कि प्रारंभिक दृष्टि में करीब 15 लाख रूपये का नुकसान आंका गया है।