करसोग में बड़ो कैंची पर पहाड़ी खिसकी: नाग ककनो से गंथल नाला एंबुलेंस मार्ग बंद, लोगो का पैदल चलना भी हुआ मुश्किल

करसोग। करसोग में हो रही भारी बारिश लोगों के लिए अब मुसीबत बन गई है। यहां लगातार जारी बारिश की वजह से रविवार सुबह मैहरन पंचायत के तहत बड़ो कैंची पर पहाड़ी खिसकने से नाग ककनो से गंथल नाला एंबुलेंस मार्ग अवरूद्ध हो गया है। जिस कारण अब इस मार्ग पर छोटे और बड़े वाहनों सहित दो पहिया वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है। यही नहीं इस एंबुलेंस मार्ग से होकर लोगों को पैदल चलने में भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय जनता को बगशाड से सेरी मुख्य मार्ग तक पहुंचने के लिए पत्थरों के ऊपर से गुजरना पड़ रहा है। बुजुर्गों और छोटे बच्चों का तो यहां से निकलना ही मुश्किल हो गया है। एंबुलेंस मार्ग वंद होने से किसानों को कृषि उत्पाद सहित दूध पीठ पर उठाकर मुख्य सड़क तक लाना पड़ रहा है। ऐसे में भरी बरसात में लोगों को परेशानियां और बढ़ गई हैं। स्थानीय जनता ने प्रशासन से जल्द एंबुलेंस मार्ग को बहाल किए जाने की मांग की है। मुरारी शर्मा व रोहित भारद्वाज का कहना है कि एंबुलेंस मार्ग अवरूद्ध होने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए प्रशासन से आग्रह है कि एंबुलेंस मार्ग को प्राथमिकता के आधार पर खोला जाए।

चुराग सब डिवीजन के कनिष्ठ अभियंता पदम नाभ का कहना है कि मामला ध्यान में आया है। जल्द जेसीबी भेज कर एंबुलेंस मार्ग पर आए मलबे और पत्थर को हटाकर बहाल किया जाएगा। ताकि लोगों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *