CPS मोहन लाल ब्राक्टा आज आएंगे तत्तापानी: जिला स्तरीय लोहड़ी व मकर सक्रांति मेले का करेंगे शुभारंभ, रात को सांस्कृतिक संध्या में सुरों की मिठास घोलेंगे कलाकार

 

करसोग। हिमाचल में जिला मंडी के तहत करसोग के प्रसिद्ध धार्मिक पर्यटन स्थल तत्तापानी में जिला स्तरीय लोहड़ी व मकर सक्रांति मेला धूमधाम से मनाया जाएगा। जिसका शुभारंभ CPS मोहन लाल ब्राक्टा करेंगे। वे आज दोपहर बाद 2 बजे शिमला से चलेंगे और सांय 4 बजे तत्तापानी पहुंचेंगे। इस बारे में CPS का कार्यक्रम फाइनल हो गया। ऐसे में जिला और तहसील स्तर पर सभी विभागों के मुखिया को इसकी सूचना दी गई है। CPS का रात्रि ठहराव सुन्नी में होगा। यहां पीडब्ल्यूडी के रेस्ट हाउस में उनके रहने की व्यवस्था की गई है। 14 जनवरी को ब्राक्टा का सुबह 11 बजे तत्तापानी से वापस शिमला लौटने का कार्यक्रम तय है। वे वाया रोड़ शिमला वापस जाएंगे।

सांस्कृतिक संध्या में सुरों की मिठास घोलेंगे कलाकार:
तत्तापानी में आयोजित होने वाले लोहड़ी पर्व पर लोगों के मनोरंजन के लिए सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन रखा गया है। स्थानीय कलाकार अपनी सुरों की मिठास घोलकर सांस्कृतिक संध्या में शोभा बढ़ाएंगे। लोहड़ी के दिन सुबह से ही लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो जाएगी। यहां लोहड़ी और मकर सक्रांति के पर्व पर श्रद्धालु पवित्र स्नान करने के बाद तुला दान भी करते हैं। लोहड़ी और मकर सक्रांति के दिन स्नान और तुला दान करने का विशेष महत्व बताया गया है।

मकर सक्रांति मेले की शोभा बढ़ाएंगे सुक्खू:
जिला स्तरीय मकर सक्रांति मेले में नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री मेले की शोभा बढ़ाएंगे। उनका 14 जनवरी को तत्तापानी पहुंचने का कार्यक्रम तय है। जिला स्तरीय मेले की अध्यक्षता करने आ रहे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का तत्तापानी पहुंचने पर भव्य स्वागत होगा। इसके लिए मेला कमेटी सहित प्रशासन ने अभी तैयारियां पूरी कर ली है।

CPS से मिले पदाधिकारी:,
जिला स्तरीय लोहड़ी और मकर सक्रांति मेले में निमंत्रण देने के लिए तत्तापानी क्षेत्रीय कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी और चयनित प्रतिनिधि CPS मोहन लाल ब्राक्टा ने मिले। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष हेतराम शर्मा, हिमाचल प्रदेश राजीव गांधी पंचायतीराज संस्था के महासचिव भगतराम व्यास, तत्तापानी पंचायत के उप प्रधान वीरेंद्र कपिल, ब्लॉक कांग्रेस पार्टी के उपाध्यक्ष ललित शर्मा, तिलक राज शर्मा व भीम चंद सहित कई लोग शामिल थे।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष हेतराम शर्मा ने बताया कि तत्तापानी में दो साल बाद जिला स्तरीय लोहड़ी और मकर सक्रांति मेला मनाया जा रहा है। इसका शुभारंभ आज CPS मोहन लाल ब्राक्टा करेंगे। दो साल कोरोना की वजह से मेला आयोजित नहीं किया गया था। उन्होंने कहा कि मेले के लिए सभी तैयारियां पूरी हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *