आज की व्यस्त जीवनशैली महिलाओं के लिए योग अनिवार्य ही नहीं, बल्कि स्वस्थ रहने का एक महत्वपूर्ण माध्यम भी है: अनामिका कुमार

अंतराष्ट्रीय योग दिवस-2024 “स्वयं और समाज के लिए योग”

योग भारत में उत्पन्न हुई प्राचीन कला है जो मन और शरीर को जोड़ती है। योग मानव जाति के लिए एक महान उपहार है जो हमें बेहतर रहने और अपने स्वास्थ्य को बनाए रखने में मदद करता है। वर्ष 2015 से 21 जून को सम्पूर्ण विश्व अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाता है। इसी श्रृंखला में हर वर्ष की भांति निगमित कार्यालय के निर्देशानुसार, नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2024 अत्यंत हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2024 की थीम “स्वयं और समाज के लिए योग” (Yoga for self and society) है।

इसी कड़ी में 20.06.2024 को एनजेएचपीएस सताद्री (प्रेक्षागृह), झाकड़ी में विशेषकर महिलाओं के लिए योग शिविर का आयोजन किया गया। यह योग शिविर महिलाओं को सशक्त बनाने और उन्हें स्वस्थ और खुशहाल जीवन जीने में मदद करने के लिए आयोजित किया गया। प्रात: 10:00 बजे से योग शिविर की शुरुआत की गयी जिसमें मुख्य अतिथि अनामिका कुमार, अध्यक्षा, ऑफिसर लेडीज क्लब मौजूद रहीं। सर्वप्रथम विभागाध्यक्ष (मानव संसाधन) ईशा नेगी ने मुख्य अतिथि अनामिका कुमार का स्थानीय परम्परानुसार स्वागत किया। तत्त्पश्चात दीप- प्रज्वलन के उपरांत योग-शिविर का आगाज़ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने सभी महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2024 की शुभकामनाएं दी।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने कहा कि आज की व्यस्त जीवनशैली महिलाओं के लिए योग अनिवार्य ही नहीं, बल्कि स्वस्थ रहने का एक महत्वपूर्ण माध्यम भी है। उन्होने सभी से आग्रह किया कि सभी अपनी दृढ इच्छाशक्ति से योग को अपने दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और स्वस्थ जीवनशैली को अपनाएं। शिविर में एनजेएचपीएस के सभी महिला अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रही।

शिविर की शुरुआत आर्ट ऑफ लिविंग से प्रमाणित योग शिक्षक ललित भारती द्वारा योग के महत्व को दर्शाते हुए की गयी।

योग शिविर में महिलाओं के लिए खास योग क्रियाओं को कार्यदक्षता के साथ समझाया गया व हर क्रिया के लाभ से भी अवगत करवाया गया। सभी महिला अधिकारी/कर्मचारी ने योगाभ्यास का लाभ उठाया व निरोग जीवन जीने का संकल्प लिया। लेडिज क्लब की महिलाओं ने भी इस योग शिविर में बढ़-चढ़ कर भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *