हिमाचल में इस हफ़्ते करवट बदलेगा मौसम, हिमपात और बारिश की संभावना

शिमला। इस सप्‍ताह के अंत में प्रदेश में फ‍िर से मौसम रुख बदलेगा। छह दिसंबर से मौसम के करवट बदलने की संभावना है। एक बार फ‍िर से पश्‍िचमी विक्षोभ सक्रिय होगा। बीते दिनों हुई भारी बर्फबारी से अभी भी प्रदेश में कई सड़कें बंद पड़ी हैं। अब एक बार फ‍िर से बर्फबारी होने पर लोगों की दिक्‍कतें और बढ़ सकती हैं।कुछ दिन पहले प्रदेश में हुए भारी हिमपात के बाद तीन एनएच सहित 71 सड़कें यातायात के लिए अब भी बंद हैं, जिसमें 68 लाहुल-स्पीति में हैं।

कुल्लू के थलोट में एक ट्रांसफार्मर खराब है, जिसके कारण बिजली आपूर्ति बाधित है। प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में इन दिनों ज्यादा ठंड पड़ रही है। इसी कारण शिमला से अधिक ठंडी रातें सुंदरनगर व सोलन में दर्ज की जा रही हैं। मंगलवार को सुंदरनगर में न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज की गई और वहां का न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री और सोलन का 4.8 डिग्री दर्ज किया गया है।

नवंबर में हुई रिकॉर्ड बर्फबारी

हिमाचल प्रदेश में 12 वर्षों के दौरान नवंबर में इस साल सबसे अधिक हिमपात हुआ है। वहीं, मनाली में 12 साल के बाद नवंबर में हिमपात हुआ। इस दौरान सबसे अधिक बर्फबारी कल्पा में 64.6 सेंटीमीटर दर्ज की गई। 2009 से लेकर 2019 तक 50 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई थी। केलंग में वर्ष 2009 में 58 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई थी और इस बार 57 सेंटीमीटर बर्फ गिरी।

कहां कितना रहा तापमान (डिग्री सेल्सियस)

  • स्थान, न्यूनतम, अधिकतम
  • शिमला, 10.3, 19.8
  • सुंदरनगर, 4.5, 24.0
  • भुंतर, 4.0, 21.5
  • कल्पा, 2.6, 14.6
  • धर्मशाला, 8.8, 17.8
  • ऊना, 7.3, 26.7
  • नाहन, 12.5, 23.3
  • केलंग, -2.6, 6.1
  • सोलन, 4.8, 26.0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *