भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने वर्चुअल माध्यम से रखी भाजपा जिला कार्यालयों की आधारशिला….पालमपुर, धर्मशाला, नूरपुर, देहरा, सुंदरनगर और कुल्लू के जिला कार्यालयों का किया शिलान्यास

शिमला। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आज नई दिल्ली से वर्चुअल के माध्यम से हिमाचल प्रदेश में पालमपुर, देहरा, कांगड़ा, नूरपुर, सुन्दरनगर और कुल्लू संगठनात्मक जिला कार्यालयों की आधारशिला रखी।

वर्चुअल रैली को सम्बोधित करते हुए जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, जो उस समय हिमाचल भाजपा के प्रभारी थे, के प्रोत्साहन से प्रदेश भाजपा के पास राजधानी शिमला में अपना राज्य मुख्यालय है। श्री मोदी कहा करते थे कि पार्टी को घर से नहीं चलाया जाना चाहिए क्योंकि उस स्थिति में पार्टी परिवार की बन जाती है, ना की लोगों की।

जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि प्रयास किए जाएंगे कि सभी संगठनात्मक जिलों के पास अपने कार्यालय हों। देश में कुल 719 भाजपा कार्यालयों का निर्माण किया जाएगा और जिनमें से 433 कार्यालयों का निर्माण कार्य पूरा होने को है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यालयों में सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए। अतिथियों के लिए कार्यालयों में बैठने की उचित सुविधा के अलावा आॅनलाइन और आॅफलाइन पुस्तकालय भी स्थापित किए जाने चाहिए। पार्टी के अग्रणी संगठनों की सुविधा के लिए भी उचित प्रबन्ध किए जाने चाहिए। उन्होंने पीएमकेयर्ज और सीएम कोविड फंड में उदारता से अंशदान करने के लिए प्रदेश के लोगों का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि सभी कार्यालय आधुनिक तकनीक जैसे कम्प्यूटर, वीडियो कांफ्रेंस आदि सुविधाओं से लैस होने चाहिए। कार्यालय केवल काम करने का ही नहीं बल्कि विचारधारा को सशक्त बनाने का भी माध्यम है जो ना केवल पार्टी की उचित कार्यप्रणाली में सहायक है बल्कि पार्टी के आधार को भी मजबूत करता है।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी ई-बुक, राष्ट्रीय ई-बुक का प्रकाशन कर रही है जिन्हें नौ विभिन्न भाषाओं में प्रकाशित किया जाएगा। देश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों में सुरक्षित है जिन्होंने कोविड महामारी संकट के दौरान देश का सफलतापूर्वक मागदर्शन किया है। प्रधानमंत्री के समय पर लिए गए निर्णयों से इस महामारी के संक्रमण को व्यापक स्तर पर फैलने से रोक जा सका। देश में आज लगभग चार लाख बिस्तरों की क्षमता वाले 1600 समर्पित कोविड अस्पताल हैं। जांच क्षमता बढ़कर 15 लाख प्रतिदिन हो गई है और राष्ट्र प्रतिदिन लगभग 4.50 लाख पीपीई किट्स तैयार कर रहा है तथा 150 देशों को हाइड्रोक्सीक्लोरोक्विन दवा का निर्यात किया गया है।

नड्डा ने कहा कि देश के 20 करोड़ परिवारों को जन धन योजना के तहत लाभान्ति किया गया है, 8.50 करोड़ किसान परिवारों को किसान सम्मान निधि योजना के तहत 6000 रुपये प्रदान किए गए हैं और उज्ज्वला योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों को 8 करोड़ निःशुल्क गैस कनेक्शन उपलब्ध करवाए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सशक्त नेतृत्व से अनुच्छेद 370, ट्रिप्पल तलाक और राम जन्म भूमि जैसे ऐतिहासिक फैसले संभव हो पाए हैं।

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की उपलब्धियों की सराहना करते हुए भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश ने पिछले लगभग तीन वर्षों में शानदार प्रगति की है। स्वास्थ्य क्षेत्र में ‘हिमकेयर’ योजना से लगभग 5.50 लाख परिवार लाभान्वित हुए हैं, जबकि हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना से 2.78 लाख परिवारों को राहत मिली है।

उन्होंने लाॅकडाउन के दौरान प्रदेश सरकार द्वारा देश के बाहरी राज्यों में फंसे लगभग 2.50 लाख प्रदेशवासियों को वापिस घर लाने के कार्य की भी सराहना की।

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने जगत प्रकाश नड्डा का स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश भाजपा के लिए आज का दिन एक यादगार दिन है जब भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रदेश के छह जिलों में पार्टी कार्यालयों की आधारशिला रखी है। प्रदेश भाग्यशाली है कि प्रदेश के धरती पुत्र श्री नड्डा विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि श्री नड्डा के कठिन परिश्रम के कारण आज वह पार्टी के शीर्ष ओहदे पर पहुंचे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1980 में जब भाजपा का गठन हुआ था तब पार्टी के पास राज्य स्तर पर एक भी कार्यालय उपलब्ध नहीं था और पार्टी कार्यकर्ताओं के घरों से ही कार्य चलाया जाता था। भाजपा के प्रदेश मुख्यालय की आधारशिला 23 मार्च, 2000 को रखी गई थी और अब शीघ्र ही भाजपा के पास प्रदेश के संगठनात्मक जिलों में आठ कार्यालय हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार और पार्टी आपसी समन्वय के साथ प्रदेश के लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए कार्य कर रही है।

जय राम ठाकुर ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान प्रदेश के लोगों की तकलीफों और समस्याओं को कम करने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं ने निरन्तर पूरी निष्ठा के साथ कार्य किया। संकट की इस घड़ी में प्रदेश सरकार ने उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों के साथ कोविड-19 महामारी से प्रभावशाली तरीके से निपटने के लिए प्रशासन को मजबूत बनाने के लिए 34 वीडियो कांफ्रेंस आयोजित की। विकास की गति प्रभावित न हो, यह सुनिश्चित करने के लिए पंचायती राज संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ भी 14 वीडियो कांफ्रेंस आयोजित की गईं। इस दौरान लगभग 37 वर्चुअल रैली के अतिरिक्त विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों के साथ भी चार वीडियो कांफ्रेंस आयोजित की गईं।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के लोगों से सभी एहतीयाती उपाय अपनाने का आग्रह किया क्योंकि कोविड संकट अभी समाप्त नहीं हुआ है। लोगों को फेस मास्क और सार्वजनिक क्षेत्रों में परस्पर दूरी बनाए रखनी चाहिए। उन्होंने प्रदेश के लोगों को नवरात्रे की शुभकामनाएं भी दीं।

भाजपा के राज्य अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि यह प्रदेश के लोगों और विशेषकर भाजपा के लिए ऐतिहासिक दिन है क्योंकि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भाजपा के छः जिला कार्यालयों की आधारशिलाएं रखी हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने यह सुनिश्चित किया है कि प्रदेश में कोई भी भूखा ना सोए और सभी के पास फेस मास्क हो। प्रदेश में पार्टी का आधार और मजबूत करने के लिए विस्तारक योजना का प्रभावी कार्यान्वयन सुनिश्चित बनाया गया है। पार्टी प्रदेश के लोगों तक केन्द्र और प्रदेश सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों को पहुंचाने के लिए कारगर तरीके से कार्य कर रही है। प्रदेश सरकार और पार्टी समन्वय के साथ कार्य कर रही है और दोनों यह सुनिश्चित करेंगे कि भाजपा वर्ष 2022 में विधानसभा चुनावों में एक बार फिर सत्ता में वापसी करे।

ग्रामीण विकास मंत्री वीरेन्द्र कंवर ने इस अवसर पर जगत प्रकाश नड्डा को हिमाचली शाॅल और टोपी भेंट से सम्मानित किया।

केन्द्रीय वित्त एवं काॅरपोरेट मामले राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री शान्ता कुमार एवं प्रेम कुमार धूमल, राष्ट्रीय भाजपा महासचिव अरूण सिंह, मंत्रीगण, कार्यालय निर्माण समिति के समन्वयक सतपाल सिंह सत्ती, प्रदेश के सांसदों और विधायकों ने भी अपने सम्बन्धित क्षेत्रों से वीडिया काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस कार्यक्रम में भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *