हिमाचल में तेज़ी से बढ़ने लगा कोरोना वायरस, एक दिन में 10 कोरोना पॉजिटीव मामले आए सामने

शिमला। कभी कोरोना मुक्त होने की दहलीज तक पहुंच चुके हिमाचल में अब नए मामले आने का सिलसिला थमने का नाम ही नहीं ले रहा। सोमवार शाम को कांगड़ा जिले में एक और पॉजिटिव मामला आया है। जिले के नूरपुर के तहत जोंटा में पॉजिटिव पाए गए एक व्यक्ति की 24 वर्षीय पत्नी भी संक्रमित पाई गई है। सीएमओ कांगड़ा डॉ. गुरदर्शन गुप्ता ने इसकी पुष्टि की है। वहीं इससे पहले हमीरपुर जिला में एक साथ पांच नए मामले सामने आए हैं। इनमें तीन सुजानपुर क्षेत्र तो दो नादौन उपमंडल के हैं। ये सभी हाल ही में बाहरी राज्यों से लौटे हैं। हमीरपुर के संक्रमित लोगों के नमूने बीते 16 मई को लिए गए थे। नादौन उपमंडल की ग्राम पंचायत नौहंगी के चौकी राजपूतां गांव का के 60 वर्षीय व्यक्ति 12 मई को मुंबई से लौटा था और राजकीय प्राथमिक पाठशाला बूणीं में संस्थागत संगरोध में रखा गया था।
गलोड़ तहसील के खुंगल के 47 वर्षीय व्यक्ति 14 मई को मुंबई से लौटे थे और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कश्मीर में संस्थागत संगरोध स्थल में रखे गए थे। इनके साथ पत्नी और तीन बच्चे भी हैं। टौणी देवी क्षेत्र के ग्वारड़ू गांव का 54 वर्षीय तीसरा मरीज टैक्सी चालक है और 10 मई को मुंबई से लौटा है। यह व्यक्ति घर पर ही संगरोध में था।
50 वर्षीय चौथी महिला मरीज टौणी देवी क्षेत्र के रेड़ू पधर गांव की है और 14 मई को अपने वाहन से बाहरी राज्य से लौटी हैं। पांचवां 20 वर्षीय युवक भी पधर गांव का ही है और कोरोना संक्रमित महिला का नजदीकी रिश्तेदार है। ये दोनों भी संस्थागत संगरोध सुविधा स्थल में रखे गए थे। उपायुक्त हरिकेश मीणा ने कहा कि कोरोना संक्रमित चार व्यक्तियों को डुग्घा जबकि एक को भोटा स्थित कोविड-19 केयर सेंटर में शिफ्ट किया गया है।

प्रदेश में अब कोरोना के 41 एक्टिव केस हो गए हैं। राज्य में अब तक 90 कोरोना पॉजिटिव मामले आ चुके हैं। कोरोना से तीन की मौत हुई है। 42 लोग स्वस्थ होकर घर चले गए हैं। चार लोग हिमाचल से बाहर चले गए हैं। राज्य में अब तक 31361 लोगों को निगरानी में रखा गया। अब तक 18224 लोगों की कोरोना को लेकर जांच की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *