हिमाचल में बर्फबारी से बढ़ी ठंड

शिमला। भारी बर्फबारी व बारिश के बाद ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार से मौसम साफ रहेगा। हिमपात और बारिश के बाद समूचे प्रदेश में शीतलहर बढ़ गई है। प्रदेश में न्यूनतम व अधिकतम तापमान में सात से आठ डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान ऊना में 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में आठ स्थानों पर तापमान पांच डिग्री से नीचे पहुंच गया है। प्रदेश में शुक्रवार रात और शनिवार सुबह हुए भारी हिमपात से 202 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं और करीब 45 बस रूट बाधित हुए हैं।

734 ट्रांसफार्मर खराब होने से बिजली आपूर्ति भी बाधित रही। बर्फबारी व बारिश कृषि व बागवानी के लिए संजीवनी बताई जा रही है। शिमला जिला में पर्यटन स्थल कुफरी, नारकंडा सहित कांगड़ा जिला में त्रियुंड और बिलिंग में हिमपात हुआ है। रोहतांग दर्रे सहित अटल टनल रोहतांग के दोनों छोर पर भारी हिमपात हुआ है।शनिवार को कुफरी, नारकंडा के लिए बसों की आवाजाही बाधित रही और शिमला के ऊपरी क्षेत्रों के लिए बसों को मशोबरा बाया बसंतपुर किंगल भेजा गया।

शुक्रवार रात 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने से कई स्थानों पर नुकसान की सूचना भी है। लाहुल में 86, उदयपुर 48, काजा में छह, कुल्लू 28, शिमला 24, चंबा में आठ व किन्नौर में दो सड़कें बर्फबारी व बारिश के कारण बंद हो गई हैं।

कहां कितनी बर्फबारी हुई

  • स्थान, सेंटीमीटर
  • केलंग, 12
  • नारकंडा, 12
  • शिलारु, 10
  • कुफरी, 05
  • पूह, 04
  • कल्पा, 03
  • डलहौजी, 04

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *