जल शक्ति मंत्री 11 दिन बाद फिर पहुंचे करसोग दौरे पर कल अधिकारियों के साथ करेंगे बैठक


मंडी/करसोग। जल शक्ति विभाग मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर करसोग दौरे पर पहुंच गए हैं। दो सप्ताह के अंतराल में उनका ये दूसरा दौरा है। यहां सोमवार को जल शक्ति विभाग मंत्री अधिकारियों के साथ बैठक कर विकासकार्यों की समीक्षा करेंगे। अगले कुछ दिनों में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का भी कार्यक्रम प्रस्तावित है। महेंद्र सिंह ठाकुर को लोक सभा उप चुनाव मंडी का प्रभारी भी बनाया गया है। मंडी संसदीय क्षेत्र के लिए होने वाले उप चुनाव से पहले जल शक्ति विभाग मंत्री के लगातार दौरे और फिर मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को उप चुनाव से जोड़कर भी देखा जा रहा है। ऐसे में करसोग में सियासी पारा भी चढ़ने लगा है। हालांकि जल शक्ति विभाग मंत्री का इस बार लोगों के साथ बैठक कर समस्याएं सुनने का कार्यक्रम तय नहीं है। करसोग में महेंद्र सिंह ठाकुर सभी विभागों के अधिकारियों की बैठक लेंगे। इस दौरान उपमंडल में चल रहे विकासकार्यों की समीक्षा की जाएगी। पिछली बार जल शक्ति मंत्री 10 जून को करसोग दौरे पर आए थे। उस दौरान महेंद्र सिंह ठाकुर ने विकासकार्यों की लेटलतीफी पर जल शक्ति विभाग सहित पीडब्ल्यूडी की जमकर क्लास ली थी। दोनों ही विभागों के अधिकारियों को विकासकार्यों में तेजी लाने और रुके हुए कार्यों को जल्द शुरू करने के निर्देश दिए थे। कई विकासकार्यों को शुरू करने के लिए टेंडर प्रक्रिया आरंभ करने के भी आदेश दिए थे। इन आदेशों पर आगे किस स्तर पर कार्रवाई हुई है। इस बारे में भी जल शक्ति मंत्री अधिकारियों से रिपोर्ट लेंगे। जल शक्ति विभाग करसोग डिवीजन के अधिशाषी अभियंता पर तो विकासकार्यों में हुई लेटलतीफी की गाज भी गिरी है। मंत्री के करसोग पहुंचने से पहले ही 19 जून को अधिशाषी अभियंता का तबादला कर दिया गया। इसके साथ ही जल शक्ति विभाग करसोग डिवीजन में नए मुखिया ने अपना कार्यभार संभाल लिया है। ऐसे में पिछली बार की लापरवाही से सबक लेते अधिकारियों ने पूरा होम वर्क कर लिया है। पिछली बार मंत्री के दौरे का उपमंडल की जनता को बहुत लाभ मिला। अधिकारीरियों को लगी लताड़ के बाद उपमंडल में कई ऐसे कार्य शुरू हुए हैं, जिसका इंतजार जनता लंबे समय से कर रही थी। इस तरह जल शक्ति विभाग मंत्री के दौरे से आम जनता में भी काफी उत्साह है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *