जिला स्तर पर भाजपा पार्टी कार्यालयों बनाने के लिए कहाँ से आ रहा धन: राठौर

शिमला। कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से जानना चाहा है कि देश मे बनने जा रहे उनके जिला स्तर पर पार्टी कार्यालयों के लिए धन की वर्षा कहा से हो रही है।उन्होंने कहा कि 6 साल में सत्ता के इस अल्पकाल में भाजपा के पास इतना धन आ गया है कि वह देश ही नही पूरे विश्व की धन्ना सेठ पार्टी बन गई है जिसका दिल्ली स्थित उनका राष्ट्रीय कार्यालय किसी पांच सितारा होटल से कम आलीशान नही है और अब ऐसे ही आलीशान कार्यालय वह देश के अन्यों जिलों में बनाने जा रही है।

राठौर ने नड्डा के प्रस्तावित 22 अक्टूबर को हिमाचल प्रदेश के 6 संगठनात्मक जिलों में पार्टी कार्यालय की नींव रखने पर कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री एक तरफ प्रदेश का खजाना खाली होने का रोना रो रहें है तो दूसरी तरफ उनकी पार्टी प्रदेश में आलीशान कार्यालय बनाने जा रही है।यह भाजपा का दोहरा चरित्र उजागर हो गया है।प्रदेश में सरकार ने इस कोविड काल मे लोगों को कोई भी राहत नही दी है।केवल टेक्स लगा कर सरकार अपना खजाना भरने में लगी है।उन्होंने कहा कि अच्छा होता अगर भाजपा कोरोना योद्धाओं डॉक्टरों, पैरा मेडिकल स्टाफ,पुलिस, सफाई कर्मियों, प्रेस के बंधुओ को कोई विशेष प्रोत्साहन देती।उन्होंने कहा कि आज इस मंहगाई के दौर में लोग परेशान है।प्रदेश में कारोबार ठप्प पड़ा है।

पार्टी मुख्यालय राजीव भवन में संवाददाताओं को सम्बोधित करते हुए राठौर ने भाजपा पर इस कोरोना महामारी के दौरान लोगों को किसी भी प्रकार की कोई राहत न देने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश इस समय गंभीर चुनोतियों से जूझ रहा है, सरकार को इसकी कोई चिंता नही है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस को उनके कार्यालय बनाने पर कोई आपत्ति नही है पर भाजपा अपनी आय का स्रोत नही बता रही है।उन्होंने कहा कि बेहतर होता भाजपा देश के लोगों को इस विपदा के समय कोई राहत देती।

राठौर ने कहा कि नोटबन्दी से एक सप्ताह पूर्व जिस प्रकार से भाजपा ने देशभर में अपनी जमीनें खरीदी उससे उसकी मंशा का साफ पता चलता है।उन्होंने कहा कि एक तरफ देश की जीडीपी गिरती जा रही है तो दूसरी तरफ अडानी, अम्वानी और भाजपा की आय बढ़ती जा रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा देश का इतिहास बदलना चाहती है,पर कांग्रेस ऐसा नही होने देगी।उन्होंने कहा कि भाजपा देश मे धन बल पर लोकतंत्र की हत्या कर रही है।उन्होंने कहा कि आज छदम राष्ट्रवाद, साम्प्रदायिकता का ध्रुवीकरण हो रहा है।देश का लोकतंत्र खतरे में पड़ गया है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश के लोकतंत्र की रक्षा के लिए हर स्तर पर लड़ाई लड़ेगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा को रोहतांग सुंरग निर्माण की जानकारी अपने नेता पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल से ही ले लेनी चाहिए, जो यह कहते है कि इसमें कांग्रेस का कोई योगदान नही है।

राठौर ने कंडक्टर परीक्षा का पेपर लीक होने पर सरकार की व्यवस्था को जिम्मेदार ठहराया।उन्होंने आरोप लगाया कि इस सरकार के कार्यकाल में घोटाले ही घोटाले हुए है।पहले पटवारी परीक्षा, फिर पुलिस परीक्षा, सचिवालय में सेनेटाइजर घोटाला, स्वास्थ्य उपकरण घोटाला, फर्जी डिग्री मामला,नकली दवाइयां सब घोटाले पर घोटाला ही है।

इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष के साथ उपाध्यक्ष राजेंद्र राणा व कोषाध्यक्ष कर्ण सिंह पठानियां भी विशेष रूप से साथ थे।

राजेंद्र राणा ने भाजपा से पूछा कि वह बताए कि उसके पास इन छह सालों में कोंन सा कुबेर खजाना हाथ लगा है जो वह इतनी धनवान पार्टी बन गई है।उसके पास यह धन कहा से आ रहा है इसकी पूरी जानकारी उसे देश को देनी चाहिए।उन्होंने आशंका व्यक्त की कि कही यह कोविड काल मे देश के लोगों से राहत देने के नाम पर किया गया इकट्ठा वह धन तो नही है जिससे वह अपने महल बनाने में लगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *