शिमला। जिला के रोहड़ू उपमण्डल में एक महिला को उसके देवर ने बेहद निर्ममता से मौत के घाट उतारा और मौके से फरार हो गया। आरोपी ने सेब के बगीचे में काम कर रही अपनी भाभी पर कुल्हाड़ी से कई वार किए, जिससे उसकी घटनास्थल पर मौत हो गई। पुलिस आरोपी की धरपकड़ में छापेमारी कर रही है। हालांकि अभी तक वह काबू में नहीं आया है।वारदात आज सुबह 10:30 बजे के करीब मलखून गांव में घटित हुई है। जानकारी अनुसार वारदात के दौरान आरोपी नशे में धुत था। मृतक महिला की पहचान 25 वर्षीय प्रिया के रूप में हुई है और उसकी 4 वर्षीय बेटी है। वहीं आरोपी की पहचान अभिषेक के तौर पर हुई है।
डीएसपी रोहड़ू चमन लाल ने इस घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि महिला की कुल्हाड़ी के वार से मौत हुई है। उसके देवर ने वारदात को अंजाम दिया है। फिलहाल वह फरार है। उसकी तलाश जारी है। इस घटना को लेकर आइपीसी की धारा 302 के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।