हिमाचल में आज से बिगड़ेगा मौसम

शिमला। सूबे में आज से मौसम ने करवट बदल ली है। मंगलवार सुबह की शुरुआत काले घने बादलों के साथ हुई। 22 व 23 फरवरी को हिमपात व बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। 22 व 23 को दो दिनों के दौरान सात जिलों चंबा, लाहुल स्पीति, कुल्लू, किन्नौर, मंडी, कांगड़ा और शिमला के लिए अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने एडवाइजरी जारी कर आवश्यक प्रबंध करने के लिए कहा है। विद्युत और संचार सेवाएं प्रभावित होने के साथ दृश्यता प्रभावित होने की आशंका है। 24 व 25 फरवरी को भी कुछ क्षेत्रों में हिमपात व बारिश की संभावना है।
26 फरवरी को भारत-श्रीलंका के बीच धर्मशाला में होने वाले मैच के दिन भी मौसम खराब रह सकता है। इस दिन भी बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि 27 फरवरी को सीरीज के तीसरे मुकाबले के दिन मौसम साफ रहने की उम्‍मीद है।इस बीच सोमवार को सीजन में ऊना में सबसे अधिक तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को भी धूप खिलने से अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। सोमवार को दोपहर बाद बादल आने से तापमान में बदलाव आया। शिमला में न्यूनतम तापमान में एक डिग्री तक की गिरावट आई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *