हाइकमान ने मेरी क्षमता देखकर बनाया अध्यक्ष:प्रतिभा सिंह

Share

\"\"

हमीरपुर। ‘मुझे इस बात का गर्व है कि मैं पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के परिवार से हूं। कांग्रेस हाईकमान और अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मेरी कार्यक्षमता देखकर मुझे अध्यक्ष बनाया है। हाईकमान जानती है कि जो तीन बार चुनकर लोकसभा में पहुंची हैं, उसकी कार्यशैली क्या होगी। हिमाचल कांग्रेस की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने शुक्रवार को हमीरपुर में मीडिया कर्मियों से रू-ब-रू होते हुए यह बयान दिया है। दरअसल प्रतिभा सिंह ने सीएम जयराम ठाकुर के उस बयान पर पलटवार किया, जिसमें मुख्यमंत्री ने यह कहा था कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के परिवार से होने के नाते आज पूरे प्रदेश में वह घूम रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए अब परिवारवाद जैसी बातें करने पर उतर आई है। उन्होंने कहा कि विक्रमादित्य पहले से ही विधायक हैं और उन्हें लोगों ने चुनकर विधायक बनाया है।
दो निर्दलीय विधायकों के भाजपा में शामिल होने पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह मामला संवैधानिक है और इस पर संविधान के अनुसार ही कार्यवाही होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस बारे में स्पीकर से बात करेंगे। भाजपा में शामिल दोनों विधायकों ने एसोसिएट मेंबरशिप से इस्तीफा नहीं दिया है। इसलिए विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री की अगवाई में शीघ्र ही कांग्रेस के विधायक एक ज्ञापन विधानसभा अध्यक्ष को देंगे। कांग्रेस में मुख्यमंत्री चेहरे के सवाल पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वही बनता है, जिसे हाईकमान और विधायक दल के नेता चुनते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से एकजुट है और सुखविंदर सुक्खू ने अपने विधानसभा क्षेत्र नादौन में पहुंचने पर उनका स्वागत किया है।
आम आदमी पार्टी की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि जब से यह पार्टी पंजाब में सत्ता में आई है, लगातार कानून व्यवस्था बिगड़ रही है। भारतीय जनता पार्टी की सरकारों को लेकर प्रतिभा सिंह ने कहा कि बीजेपी सरकार ने कोई नया काम नहीं किया, बल्कि उल्टा साढ़े चार साल में कांग्रेस द्वारा किए कामों के उद्घाटन किए या फिर दोबारा शिलान्यास किए।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *