शिमला। सूबे में होने जा रहे विधानसभा चुनाव से पूर्व भाजपा का करारा झटक लगा है।पूर्व में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष रहे व पूर्व वन मंत्री पंडित खीमी राम ने भाजपा छोड़कर कांग्रेस का दामन थामा है। मंगलवार को दिल्ली में हिमाचल प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला की मौजूदगी में पंडित खीमी राम ने कांग्रेस का हाथ थामा है। इस दौरान हिमाचल कांग्रेस नेता व पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा समेत अन्य नेता मौजूद रहे। बता दें कि 2017 में विधानसभा की टिकट न मिलने के चलते पंडित खिमी राम पार्टी से नाराज चल रहे थे और बीते कई दिनों से खीमी राम के कांग्रेस में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही थीं।
खीमी राम पूर्व में धूमल सरकार के समय वन मंत्री रहे हैं। पंडित खीमी राम 2009 में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे हैं।बता दें कि जिला परिषद चुनाव से राजनीति में आने वाले खीमीराम शर्मा का भाजपा संगठन में काफी अनुभव रहा है। साल 1999 में उन्होंने बतौर जिला परिषद चुनाव लड़ा। बाद में जिला परिषद अध्यक्ष भी बने। दो बार विधायक रहे खीमीराम शर्मा भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष भी रहे हैं। इसके आलावा धूमल सरकार में मंत्री पद भी संभाला है। अनुभवी राजनीतिज्ञ होने के बावजूद पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने उनका टिकट काट दिया था।