Blog
हिमाचल में 22 अगस्त तक भारी बारिश का दौर, कई जिलों में येलो अलर्ट
शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून की सक्रियता के चलते आगामी 22 अगस्त तक कई जिलों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा के अनुसार बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक बारिश सोलन, कांगड़ा, बिलासपुर और मंडी जिलों में रिकॉर्ड की गई।
20 अगस्त को कांगड़ा जिले के पालमपुर, धर्मशाला और बैजनाथ सहित मंडी, सिरमौर तथा शिमला के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। मौसम विभाग ने 20 से 22 अगस्त तक कांगड़ा, सिरमौर और मंडी सहित कुछ जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है।
21 अगस्त को मौसम गतिविधि में कुछ कमी रहने की संभावना है। इस दिन मुख्य रूप से कांगड़ा जिले के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 22 अगस्त को ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर में मानसून सक्रिय रहेगा, जबकि कुल्लू, मंडी, सोलन, शिमला और सिरमौर में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक-दो जगह भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार 22 अगस्त तक प्रदेश के कुछ जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी रहेगा। इसके बाद 23 अगस्त से मौसम की तीव्रता में कमी आने की संभावना है और 23 से 26 अगस्त तक प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। यानी बारिश का तीव्र दौर मुख्य रूप से आगामी दो दिनों, 22 अगस्त तक रहने की संभावना है।
तापमान की बात करें तो बीते 24 घंटों में शिमला का अधिकतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रहा। सोलन और पालमपुर में तापमान करीब 26 डिग्री, जबकि कांगड़ा, ऊना और बिलासपुर में 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। मंडी में सबसे अधिक 32.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार आज दिन के तापमान में बीते 24 घंटों की तुलना में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है और आगामी दिनों में भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिन के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है।
