करसोग। कोरोना काल में लंबे समय बाद सोमवार को करसोग ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की बैठक पृथ्वी सिंह नेगी की अध्यक्षता में आयोजित होगी। पांच महीने बाद होने जा रही इस बैठक में मंडी संसदीय क्षेत्र के लिए होने वाले लोक सभा उप चुनाव की सियासी मोर्चेबन्दी को लेकर रणनीति तय की जाएगी। इस बारे में सभी कार्यकर्ताओं को सूचित किया गया है। मंडी के सांसद रामस्वरूप शर्मा के निधन के बाद यहां लोक सभा का उपचुनाव होना है। इसके बाद अगले साल छोटे पहाड़ी राज्य में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में मंडी संसदीय क्षेत्र के लिए होने वाले लोक सभा उप चुनाव को प्रदेश की सत्ता हासिल करने का सेमीफाइनल भी माना जा रहा है। कांग्रेस का प्रयास लोक सभा उप चुनाव में जीत दर्ज कर आगामी विधान सभा चुनाव में भाजपा पर मनोंवैज्ञानिक तौर पर दवाब बनाने का भी रहेगा। इस उपचुनाव की जीत में करसोग ब्लॉक कांग्रेस भी अपनी आहुति डालना चाहेगी। ऐसे में मंडी लोक सभा के होने वाले उप चुनाव में ब्लॉक कांग्रेस का प्रयास करसोग विधानसभा सीट से भारी मतों से लीड दिलाने का रहेगा। इसको देखते हुए ब्लॉक कांग्रेस की इस बैठक को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मंडी संसदीय क्षेत्र के लिए होने वाले उपचुनाव को देखते हुए पार्टी से नाराज चल रहे कार्यकर्ताओं की भी अब पूछ परख बढ़ गई है। ऐसे में मीटिंग में दूरी बना चुके कार्यकर्ताओं को फिर से पार्टी में जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। ताकि जीत के बीच आने वाले पार्टी कार्यकर्ताओं के नाराजगी के रोड़े को दूर किया जा सके। पिछले विधान सभा चुनाव में कई कार्यकर्ता पार्टी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे आजाद प्रत्याशी के साथ चले गए थे। भले ही पार्टी से नाराज ये कार्यकर्ता कोई चमत्कार नहीं कर पाए थे, लेकिन इस नाराजगी ने पार्टी के उम्मीदवार की हार में अपनी महतवर्ण भूमिका निभाई थी। ऐसे में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी आने वाले चुनावों के लिए फूंक फूंक कर अपने कदम रख रही है। वहीं करसोग में जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर के लगातार दौरों और इस महीने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के तय कार्यक्रम ने लोक सभा उप चुनाव को लेकर भाजपा ने पहले ही अपने इरादे जाहिर कर दिए हैं।
करसोग ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पृथ्वी सिंह नेगी का कहना है कि मीटिंग में मंडी लोक सभा उप चुनाव को लेकर रणनीति तय की जाएगी। इसके अतिरिक्त चुनाव में पार्टी का प्रदर्शन और बढ़िया हो, इसके लिए कार्यकर्ताओं से सुझाव भी लिए जाएंगे।