शिमला। सूबे में आज से बारिश के संकेत है। लगता है अब बरसात होने की पूरी उम्मीद हक़ी। पिछली आधी रात से झमाझम बारिश से सबको राहत मिली है। 11 जून को मानसून आने के बाद बारिश का दौर थम गया था। लेकिन अब राहत की फुहार बरसी है। मौसम विभाग ने शनिवार से प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताई है। सात जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन व सिरमौर में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं 11 जुलाई को इन्हीं जिलों में भारी बारिश को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया है।
ऐसे में आने वाले दिनों में प्रदेश के लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिल सकती है।प्रदेश में शुक्रवार को कई स्थानों पर हुई बारिश से तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को शिमला के कोटखाई में 4.5 मिलीमीटर, फागू में तीन और मंडी जिले के जंजैहली में एक मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। शुक्रवार को सबसे अधिक तापमान ऊना जिला में 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि वीरवार को यहां 42 डिग्री दर्ज किया था। प्रदेश के अधिकतर स्थानों पर बादलों के छाए रहने से तापमान में गिरावट आई थी व रात से हो रही बारिश से और राहत मिली है।