शिमला। अफगानिस्तान पर तालिबान का कब्जा होने के बाद वहां पूरे देश में तनाव का माहौल है। डर और असुरक्षा के इस माहौल में हिमाचल का एक युवक भी अफगानिस्तान में फंसा है। युवक के परिजनों ने हिमाचल सरकार से उसकी सुरक्षित वापसी की गुहार लगाई है। मंडी जिले के सरकाघाट का रहने वाला नवीन कुमार अफगानिस्तान में रह रहा था।
हिमाचल सरकार के संज्ञान में मामला आने के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भरोसा दिलाया कि सरकार उसकी सुरक्षित वापसी के लिए केंद्र से बात करेगी। सोमवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार विदेश मंत्रालय में मामला रखेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पूरी स्थिति पर नजर बनाये हुए है। भारत के नागरिकों को निकाला जा रहा है। भारतीय दूतावास वहां अभी कार्य कर रहा है। भारत सरकार अपने नागरिकों सुरक्षित वापस लाएगी।