लोक सभा उप चुनाव में मंडी वालों की जिम्मेवारी ज्यादा, प्रदेश में कोई गलत संदेश न जाए: जय राम ठाकुर

Share

\"\"

करसोग। मंडी संसदीय लोक सभा का उप चुनाव भाजपा और कांग्रेस के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन गया है। कांग्रेस जहां पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की सहानुभूति के नाम पर वोट मांग रही है, वहीं भाजपा ने भी इस बार मंडी जिला से मुख्यमंत्री होने का सियासी दाव खेला है। यहां सोमवार को सांय मुख्यमंत्री करसोग के कुनहों हेलीपेड में उतरने के बाद चुनाव प्रचार अभियान में जुट गए। जनता को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि लोक सभा उप चुनाव में मंडी वालों की जिम्मेवारी अबकी बार ज्यादा है। लंबे अरसे बाद मंडी वालों को मुख्यमंत्री मिला है। इसलिए यहां के लोगों को इस जिम्मेवारी को समझना होगा। ताकि प्रदेश में कोई गलत संदेश न जाए। इसलिए उप चुनाव में जनता भाजपा के साथ चट्टान की तरह खड़ी रहे। उन्होंने कहा कि मंडी लोक सभा का उप चुनाव हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है। कांग्रेस की तरफ से स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की धर्म पत्नी चुनाव लड़ रही हैं। वीरभद्र सिंह वरिष्ठ नेता थे, उनकी प्रदेश की राजनीति में अलग पहचान थी। ऐसे में कांग्रेस वीरभद्र सिंह की सहानुभूति लेने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह की दुखद निधन पर हमें भी सहानुभूति है। लेकिन जनता को यह देखना जरूरी है कि हमारी समस्या का समाधान कौन कर सकता है। उन्होंने कहा कि हिमाचल और केंद्र दोनों ही जगहों पर भाजपा की सरकार है। इसको देखते हुए हमें सरकार के साथ चलना है। इसलिए मंडी संसदीय क्षेत्र के लिए हो रहे उप चुनाव में मंडी वालों की जिम्मेवारी अबकी बार ज्यादा है। उन्होंने कहा कि पिछली बार लोक सभा का चुनाव एक तरफा था लोग नरेंद्र मोदी को देश का प्रधानमंत्री देखना चाहते है। ऐसे में करसोग से भी रामस्वरूप शर्मा को लोक सभा चुनाव में करीब 27 हजार की लीड मिली थी। अबकी बार परिस्थितियां कुछ और हैं। दिल्ली और हिमाचल में भाजपा की सरकार है। ऐसे में उप चुनाव में लोग ढ़ीले पड़ जाते हैं। इसके लिए कार्यकर्ता को घर घर जाना होगा। उन्होंने कहा कि अगर पिछले चुनाव में करसोग से भाजपा को 27 हजार की लीड मिली थी, ये किसी भी सूरत में कम नहीं होनी चाहिए। इसके लिए कार्यकर्ताओं को घर घर जाकर लोगों को वोट डालने के लिए निकलना होगा। ज्यादा से ज्यादा मतदान के लिए प्रयास करने होंगे। जयराम ने कहा कि करसोग विधान सभा क्षेत्र ये हमारे पड़ोस के इलाका है। यहां पिछली बार हमने जो घोषणाएं की थी, उसमें कुछ पूरी हो गई है कुछ अभी करनी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जो बातें कही हैं, वे सभी पूरी होंगी। बता दें कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर मंगलवार को भी करसोग में तीन अलग अलग स्थानों पर जनसभा को संबोधित करेंगे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *