शिमला। हिमाचल प्रदेश विधान सभा के अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने विधान सभा के संयुक्त सचिव बेग राम कश्यप को अस्थायी तौर पर हिमाचल प्रदेश विधान सभा के कार्यकारी सचिव का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है। गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश विधान सभा के सचिव यशपाल शर्मा को चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश में चल रहे विधान सभा चुनाव के लिए एक आब्जर्वर (Observer) के तौर पर तैनात किया है ।
बेग राम कश्यप जिला शिमला की तहसील सुन्नी , गांव कोटला के रहने वाले हैं। इससे पूर्व बेग राम कश्यप निजि सचिव, वरिष्ठ सचिव तथा विशेष निजि सचिव के रूप में विधान सभा सचिवालय में अपनी सेवायें दे चुके हैं। बेग राम कश्यप जुलाई, 2021 में संयुक्त सचिव के पद पर पदोन्नत हुए थे। बेग राम कश्यप हिमाचल प्रदेश विधान सभा के वरिष्ठ अधिकारी हैं तथा 18 मई,1989 से विधान सभा सचिवालय में अपनी सेवायें दे रहे हैं।