शिमला। हिमाचल में अभी से गर्मी असर दिखाने लगी है। मैदानी इलाकों में मार्च महीने में ही पसीने छूटने शुरू हो गए हैं। मौसम साफ रहने के बाद बीते दो दिनों के दौरान तापमान में भारी उछाल दर्ज किया गया है। इससे ज्यादातर शहरों के अधिकतम तापमान में 7 डिग्री सेल्सियस तक का उछाल दर्ज किया गया है। बीते 24 घंटे के दौरान ऊना का पारा सर्वाधिक 31 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया,जो कि सामान्य से 6 डिग्री ज्यादा है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक कांगड़ा का तापमान 27.6 डिग्री (सामान्य से 7 डिग्री ज्यादा) दर्ज गया है। इसी तरह अन्य शहरों में भी सामान्य से ज्यादा तापमान चल रहा है। प्रदेश के 18 शहरों में जहां मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा तापमान का मूल्यांकन किया जाता है,उनमें से 14 लोकेशन पर तापमान 20 डिग्री पार हो गया है।
शिमला का न्यूनतम पारा भी 10 डिग्री
अमूमन मार्च के पहले 10 दिन के दौरान इतनी गर्मी नहीं होती थी। इस बार वार्मिंग के कारण गर्मी अभी से गर्मी महसूस होने लगी है। बीती रात शिमला का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री (सामान्य से 4 डिग्री ज्यादा), धर्मशाला का 13.2 डिग्री (सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा), ऊना 10.2 डिग्री (सामान्य से 2 डिग्री अधिक), नाहन 14.9 डिग्री (सामान्य से 2 डिग्री अधिक), कांगड़ा 10.4 डिग्री (सामान्य से 1 डिग्री अधिक), हमीरपुर 11 डिग्री (3 डिग्री अधिक) तथा बिलासपुर का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री (सामान्य से 4 डिग्री अधिक)पहुंच गया है।
इस वजह से बढ़ रहा तापमान
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि बीते कुछ दिनों के दौरान पश्चिमी विक्षोभ आ रहे हैं और बिना बर्फबारी के उत्तराखंड की और जा रहे हैं। इससे तापमान में इजाफा हो रहा है। इसी तरह पूर्वी क्षेत्रों से चलने वाली हवाओं से भी प्रदेश में गर्मी बढ़ रही है। इन दिनों हवाएं भी सामान्य से एक-दो किलोमीटर तेज गति से चल रही है, जो जमीन और वायुमंडल की हवा को मिक्स करके तापमान बढ़ाने का काम कर रही है।
हिमाचल के कुछ शहरों का अधिकतम तापमान
शिमला-20.7 डिग्री
सुंदरनगर-28.7 डिग्री
भुंतर-26.7 डिग्री
कल्पा-13.6 डिग्री,
धर्मशाला-26.2 डिग्री
ऊना-31 डिग्री
नाहन-26.6 डिग्री
सोलन-27.6 डिग्री
कांगड़ा-27.6 डिग्री
मंडी-28.2 डिग्री
बिलासपुर-29 डिग्री
हमीरपुर-28 डिग्री
चंबा-26.1 डिग्री
कुफरी 14 डिग्री