करसोग। जिला मंडी के अंतर्गत करसोग ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की बैठक मंगलवार को आयोजित होगी। यहां ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पृथी सिंह नेगी की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली ये बैठक काफी महत्वपूर्ण बताई जा रही है।जिसमें प्रदेश में तीन महीने बाद आयोजित होने वाले विधान सभा चुनाव पर रणनीति तैयार की जाएगी। ऐसे में पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं सहित अग्रिम संगठनों के पदाधिकारियों को अपनी उपस्थिति दर्ज करवानी होगी। इस बारे में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की ओर से जरूरी दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। हिमाचल में अब विधान सभा चुनाव के लिए कुछ महीने ही शेष बचे हैं। इसको देखते हुए करसोग में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई है। वर्ष 2017 के चुनाव में सता गवाने के बाद कांग्रेस हर हाल में इस बार विधानसभा चुनाव जीत कर सत्ता पर काबिज होना चाहती है। ऐसे में कांग्रेस ने जमीनी स्तर पर कार्य शुरू कर दिया है। इस बार पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की धर्मपत्नी प्रतिभा सिंह को कांग्रेस मुखिया की कमान सौंपने से पार्टी की संजीवनी मिली है। जिससे कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है इसको बरकरार रखने के लिए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की मीटिंग काफी अहम रहने वाली है। ये भी महत्वपूर्ण है कि वर्तमान में प्रतिभा सिंह मंडी संसदीय क्षेत्र से सांसद भी है। इस तरह संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव में जीत को लेकर पार्टी की प्रतिष्ठा दाव पर है। इस तरह विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पार्टी किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतना चाहती है। करसोग ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पृथी सिंह नेगी का कहना है कि ,5 जुलाई को पार्टी की मीटिंग रखी गई है। इसमें सभी की उपस्थिति अनिवार्य है। जिसमें विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चा होगी और आगामी रणनीति तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में करसोग में विकासकार्यों की गति पूरी तरह से थम गई हैं। ऐसे में पार्टी कार्यकर्ताओं को भाजपा सरकार की नाकामियों को घर घर तक पहुंचाने के भी निर्देश दिए जायेंगे।