करसोग। करसोग में आदिवासी समुदाय से पहली व देश की दूसरी महिला द्रोपति मुर्मू के सर्वोच्च संवैधानिक पद के लिए चुने जाने पर भाजपा मंडल ने जीत का जश्न मनाया। यहां शुक्रवार को दोपहर बाद करसोग बस स्टैंड में भाजपा मंडल ने स्थानीय विधायक हीरा लाल के नेतृत्व में द्रोपति मुर्मू को देश की 15 वीं राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर बधाई दी। आदिवासी महिला मुर्मू की जीत से उत्साहित विधानसभा क्षेत्र के हर कोने से भाजपा कार्यकर्ता मुख्यालय पहुंचे थे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर और ढोल नगाड़ों की मधुर धुनों पर जीत को उत्सव के तौर पर मनाया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित देश वासियों को भी द्रोपति मुर्मू के राष्ट्रपति बनने पर बधाई दी। इस अवसर पर भाजपा मंडल के अध्यक्ष कुंदन ठाकुर, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भाजपा युवराज कपूर, जिला अध्यक्ष युवा मोर्चा सुंदरनगर अमीचंद व पंचायत समिति अध्यक्ष भास्कर शर्मा उपस्थित थे। विधायक हीरा लाल ने कहा कि दलगत राजनीति से ऊपर उठकर पूरे करसोग क्षेत्र के लोगों ने द्रोपति मुर्मू की जीत पर खुशी मनाई। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति का पद सर्वोच्च सैंवेधानिक पद है। इसकी अपनी गरिमा है। ऐसे में पूरे क्षेत्र वासियों की तरफ से द्रोपति मुर्मू को राष्ट्रपति बनने पर बधाई दी गई। उन्होंने कहा कि खुशी की बात है कि आदिवासी समुदाय से संबंध रखने वाली महिला राष्ट्रपति बनी है। जो देश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और देश वासियों को भी बधाई दी है।