करसोग। हिमाचल के मंडी स्थित करसोग में महेश राज की नामांकन रैली में जुटी कार्यकर्ताओं की भीड़ से गदगद शिमला ग्रामीण विधायक विक्रमादित्य सिंह ने जयराम सरकार पर खूब तंज कसे। जनसभा को संबोधित करते हुए विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि स्वर्गीय वीरभद्र सिंह जो घोषणा करते थे, वह पत्थर की लकीर होती थी।
कहा कि CM जयराम ठाकुर जब भी करसोग आते हैं तो कॉलेज, ITI, पॉलिटेक्निक और केंद्रीय विद्यालय की घोषणा करते हैं। लेकिन, सच्चाई ये है कि 5 सालों में आज तक सरकार ने कोई भी कार्य पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा कि बड़ा सवाल ये है कि अगर जयराम कहते हैं कि उनकी सरकार ने करसोग में काम किया है तो रातों रात वर्तमान विधायक हीरालाल का टिकट क्यों काटा गया?
CM को पता था हीरालाल को टिकट दिया तो होगी जमानत जब्त
इससे पता चलता है कि न तो विधायक ने क्षेत्र में कोई काम किया और न ही सरकार करसोग की जनता के लिए कुछ कर पाई। मुख्यमंत्री को पता था कि अगर हीरालाल को फिर से टिकट दिया तो भाजपा की जमानत जब्त होने वाली है। उन्होंने कहा कि जयराम सरकार ने चुनावों के समय झूठी घोषणाएं कर जनता को बरगलाने का कार्य किया है।
मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवाद को दी प्राथमिकता
प्रदेश में विकास के नाम पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवाद को प्राथमिकता देकर सिर्फ सिराज व धर्मपुर में 80 फीसदी से अधिक कार्य किए हैं। उन्होंने दावा किया जिस तरह का माहौल प्रदेश में बना है। अगली बार जब करसोग आऊंगा तो हिमाचल में पूर्ण बहुमत के साथ कांग्रेस की सरकार होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल घोषणा नहीं करती है, बल्कि जनता से किए गए वादों को भी सरकार बनते ही पूरा करती है।
जयराम ठाकुर की विदाई तय
ऐसे में अब मुख्यमंत्री की विदाई के लिए ओक ओवर में डोली पहुंच गई है और विदाई तय है। विक्रमादित्य सिंह सभी टिकटार्थियों को आश्वासन दिया कि सत्ता में आने पर सभी का पूरा मान सम्मान होगा। नामांकन रैली में पूर्व विधायक स्वर्गीय मस्तराम की पत्नी निर्मला को छोड़कर सभी टिकटार्थियों ने मंच पर इकठ्ठा होकर एकजुटता का भी संदेश दिया।