
करसोग। करसोग उपमंडल प्रशासन द्वारा विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को सशक्त बनाने के उद्देश्य से “अपना पुस्तकालय – एक संवाद मंच” कार्यक्रम की शुरुआत की गई। यह पहल एसडीएम करसोग गौरव महाजन के दिशा-निर्देशों में आरंभ की गई है, जिसके तहत विद्यार्थियों को विभिन्न विभागों के अनुभवी अधिकारियों से नियमित मार्गदर्शन मिलेगा।
कार्यक्रम के माध्यम से अपना पुस्तकालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों को प्रशासनिक सेवाओं सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं, करियर विकल्पों और जीवन कौशल से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की जाएंगी। अधिकारी अपने अनुभव साझा करते हुए लक्ष्य निर्धारण, समय प्रबंधन और परीक्षा से जुड़े उपयोगी सुझाव देंगे।
कम्युनिकेशन स्किल्स पर पहला संवादात्मक सत्र
कार्यक्रम का पहला सत्र कम्युनिकेशन स्किल्स विषय पर आधारित रहा, जिसमें 50 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शुभारंभ सत्र में सहायक लोक संपर्क अधिकारी संजय सैनी तथा तहसील कल्याण अधिकारी भोपाल शर्मा ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
अधिकारियों ने बताया कि प्रभावी संप्रेषण केवल शब्दों तक सीमित नहीं होता, बल्कि इसमें आई कॉन्टैक्ट, बॉडी लैंग्वेज, आत्मविश्वास और सुनने की क्षमता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। संतुलित आई कॉन्टैक्ट आत्मविश्वास को दर्शाता है, जबकि सकारात्मक बॉडी लैंग्वेज संवाद को प्रभावशाली बनाती है।
आत्मविश्वास और व्यवहारिक कौशल पर जोर
सत्र के दौरान बताया गया कि साक्षात्कार, समूह चर्चा, प्रस्तुतीकरण और सार्वजनिक जीवन में सफलता के लिए आत्मविश्वास और व्यवहारिक कौशल अत्यंत आवश्यक हैं। इन गुणों का निरंतर अभ्यास व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ करियर में दीर्घकालिक सफलता का आधार बनता है।
प्रत्येक शनिवार होगा आयोजन
संवाद सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने प्रश्न भी रखे, जिनका समाधान अधिकारियों द्वारा व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से किया गया। उपमंडल प्रशासन ने बताया कि “अपना पुस्तकालय – एक संवाद मंच” कार्यक्रम प्रत्येक शनिवार को नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा।