Shimla…सेंट थॉमस स्कूल, शिमला में माई भारत (MY Bharat) एवं युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय , भारत सरकार के तत्वावधान में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग की रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया और नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2027 में MY Bharat पोर्टल के माध्यम से रजिस्ट्रेशन कर VBYLD क्विज एटेम्पट करने और नशीले पदार्थों एवं मादक द्रव्यों के सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ एवं जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाचार्या शेरॉन नंदा ने की। विपिन कुमार, उप निदेशक,मेरा युवा भारत शिमला कार्यक्रम में संसाधन व्यक्ति (Resource Person) के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए नशे एवं मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों तथा इससे बचने के उपायों के बारे में जानकारी प्रदान की।
युवा पर्यटन क्लब के समन्वयक सुरेंद्र शर्मा ने विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया। उन्होंने विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया। सरगम, नितिका एवं चाहत वर्मा ने अपने विचार साझा किए तथा अपने सहपाठियों को नशीली दवाओं के दुरुपयोग एवं ई-कचरा (E-Waste) के प्रति जागरूक किया। विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी से कार्यक्रम अधिक संवादात्मक एवं प्रभावी बना।
इस जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे की लत के खतरों, उससे होने वाले दुष्प्रभावों तथा पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को स्वस्थ, जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों को नशा मुक्त, स्वस्थ एवं स्वच्छ समाज के निर्माण में अपना योगदान देने के संदेश के साथ हुआ।
