नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन में सिंदूर उत्सव के साथ माँ दुर्गा का विसर्जन, रावण दहन कर दिया बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश

Share

झाकड़ी। एसजेवीएन के 1500 मेगावाट नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन में विजयदशमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सिंदूर उत्सव के साथ माँ दुर्गा की प्रतिमा का विधिवत विसर्जन किया गया। वहीं, सायंकाल रावण दहन के माध्यम से बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया गया।


दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर विजयदशमी के दिन महिलाओं ने सिंदूर उत्सव में भाग लेते हुए माँ दुर्गा को सिंदूर अर्पित किया और एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर सुख-समृद्धि एवं अखंड सौभाग्य की कामना की। इसके पश्चात ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच माँ दुर्गा की प्रतिमा का विधिवत विसर्जन किया गया।
इस दौरान परियोजना प्रमुख राजीव कपूर एवं उनकी धर्मपत्नी सहित स्टेशन के अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों ने विसर्जन कार्यक्रम में भाग लिया। सभी ने माँ दुर्गा से नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन की निरंतर प्रगति एवं समृद्धि के साथ-साथ सभी के सुख-कल्याण की कामना की।


सायंकाल हुआ रावण दहन, दिया सत्य के मार्ग पर चलने का संदेश
विजयदशमी के अवसर पर सायंकाल आयोजित रावण दहन कार्यक्रम में परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने भगवान राम के जीवन और आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। उन्होंने मर्यादा, सत्य और सदाचार के मार्ग पर चलने की सीख देते हुए कहा कि विजयदशमी का पर्व हमें बुराई का त्याग कर अच्छाई को अपनाने की प्रेरणा देता है।
रावण दहन के साथ ही कार्यक्रम में बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया गया। इस प्रकार नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन में विजयदशमी का पर्व धार्मिक आस्था, उत्साह और सकारात्मक संदेश के साथ संपन्न हुआ।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *