
15 नवंबर को मनाया जाएगा भगवान बिरसा मुंडा का जनजातीय गौरव दिवस, 11 से 18 नवंबर तक होंगे विभिन्न आयोजन
शिमला। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष सुनील नेगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में 11 से 18 नवंबर तक जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जा रहा है। इसके तहत हिमाचल प्रदेश के सभी 14 संगठनात्मक जिलों में भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
शिमला में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान सुनील नेगी ने कहा कि 15 नवंबर को महान स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जाएगी। भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष कर जनजातीय समाज को एकजुट किया और उनका उलगुलान आंदोलन आज भी अन्याय और शोषण के खिलाफ संघर्ष की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव सप्ताह के दौरान प्रदेशभर में सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर और जनजागरण गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके माध्यम से युवाओं को जनजातीय महापुरुषों के संघर्ष, इतिहास और योगदान से रूबरू करवाया जाएगा।
सुनील नेगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने जनजातीय समाज के कल्याण और उत्थान को नई दिशा दी है। प्रधानमंत्री जनमन योजना, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय और छात्रवृत्ति योजनाओं के माध्यम से जनजातीय समुदाय को शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया जा रहा है।
उन्होंने हिमाचल के हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति का दर्जा दिए जाने को भी ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। साथ ही कहा कि जनजातीय गौरव सप्ताह केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और देश की आजादी में उनके योगदान को याद करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
अंत में उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और प्रदेशवासियों से जनजातीय गौरव सप्ताह के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
