जुन्गा में शिमला फ्लाइंग फेस्टिवल के चौथे संस्करण का शुभारंभ,,चिल्ड्रन ऑफ दी स्टेट ने भी की पैराग्लाइडिंग

Share

शिमला: ग्लाइड इन द्वारा आयोजित शिमला फ्लाइंग फेस्टिवल के चौथे संस्करण का शुभारंभ आज जुन्गा में मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने किया। तीन दिवसीय इस महोत्सव का उद्देश्य जुन्गा तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में साहसिक पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देना और क्षेत्र की पर्यटन संभावनाओं को प्रदर्शित करना है।

इस महोत्सव में लगभग 25 चिल्ड्रन ऑफ दी स्टेट ने भाग लिया। इनमें से कुछ बच्चों ने पैराग्लाइडिंग का रोमांचक अनुभव भी प्राप्त किया।

नरेश चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को नशे से दूर रखते हुए खेलों की ओर बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत है। इस दिशा में ऐसी साहसिक खेल गतिविधियां युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करने का कार्य करती हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल में पर्यटन को शहरों तक सीमित न रखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ावा देने के लिए भी विशेष प्रयास कर रही है। जुन्गा में पैराग्लाइडिंग से शिमला में पर्यटकों को एक नई गतिविधि प्राप्त हो रही है जिससे शिमला में पर्यटन को निश्चित रूप से बढ़ावा मिल रहा है और शिमला के ग्रामीण क्षेत्र पर्यटन की दृष्टि से विकसित हो रहे हैं तथा युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के साधन उपलब्ध हो रहे हैं। उन्होंने आयोजकों को शिमला फ्लाइंग फेस्टिवल के लिए शुभकामनाएं दी और बेहतर आयोजन के लिए उनकी सराहना की।

महोत्सव को पर्यटन विभाग तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (एमएसएमई) का सहयोग प्राप्त है। इसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण पर्यटन, साहसिक पर्यटन तथा स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों एवं उत्पादों को प्रोत्साहित करना है।

महोत्सव के दौरान पर्यटकों को पैराग्लाइडिंग का अनुभव प्रदान करने के लिए मात्र 500 रुपये की राशि निर्धारित की गई है। महोत्सव के पहले दिन लगभग 12 से 15 पर्यटकों ने इस सुविधा का लाभ उठाया।

महोत्सव के अंतर्गत 30 नवंबर से 3 दिसंबर, 2026 तक शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर हॉस्पिटैलिटी एक्सपो का आयोजन भी किया जाएगा। इस आयोजन का उद्देश्य पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्र से जुड़ी गतिविधियों को व्यापक मंच प्रदान करना है।

उद्घाटन समारोह के दौरान कीओंथल कॉन्वेंट स्कूल, जुन्गा के बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। हिमाचल प्रदेश होमस्टे एसोसिएशन ने भी इस आयोजन में सक्रिय भागीदारी निभाई।

इस दौरान जिला पर्यटन विकास अधिकारी (डीटीडीओ) शिमला जगदीश शर्मा ने पर्यटन विभाग के संबंधित योजनाओं और पर्यटन के विस्तार को लेकर सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी साझा की।

महोत्सव के आयोजक एवं ग्लाइड इन के प्रबंध निदेशक अरुण रावत ने मुख्य अतिथि, सभी गणमान्य अतिथियों, प्रतिभागी बच्चों, पर्यटकों तथा आयोजन में सहयोग देने वाले सभी विभागों एवं संस्थाओं का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर चिट्टा मुक्त हिमाचल के उपाध्यक्ष संजय भारद्वाज, अतिरिक्त निदेशक एमएसएमई ए.के. गौतम तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) शिमला ममता पॉल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *