Blog

9 नवंबर तक हिमाचल में मौसम रहेगा साफ, 10-11 नवंबर को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश-बर्फबारी के आसार

Share

शिमला। हिमाचल प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक शोभित कटियार ने बताया कि प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से लगातार धूप खिली हुई है और फिलहाल बारिश की कोई गतिविधि नहीं हो रही है। इसी तरह का शुष्क मौसम और धूप 9 नवंबर तक लगातार जारी रहने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसका प्रभाव प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 10 और 11 नवंबर को देखने को मिल सकता है। इसके प्रभाव से ऊंचाई वाले इलाकों में बहुत हल्के स्तर पर बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। हालांकि, इसका प्रभाव व्यापक नहीं रहेगा।
शोभित कटियार के अनुसार, इन दिनों प्रदेश में दिन के तापमान सामान्य से करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक चल रहे हैं। निचले मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान लगभग 28 से 30 डिग्री सेल्सियस, मध्य पहाड़ी क्षेत्रों में 20 से 24 डिग्री और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 15 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। उन्होंने कहा कि 9 नवंबर तक तापमान इसी तरह सामान्य से कुछ अधिक बने रहने की संभावना है, जबकि 10 और 11 नवंबर को विशेषकर मध्य और ऊंचाई वाले क्षेत्रों के तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।
शिमला में अगले 5-7 दिन बर्फबारी की संभावना नहीं
शिमला शहर में बर्फबारी को लेकर मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक ने स्पष्ट किया कि अगले पांच से सात दिनों तक किसी भी तरह की मौसम गतिविधि की संभावना नहीं है। यानी फिलहाल शिमला शहर में बर्फबारी के आसार नहीं हैं। उन्होंने कहा कि जब भी शिमला शहर या प्रदेश के किसी प्रमुख शहर में बर्फबारी की संभावना बनेगी, तो मौसम विभाग की ओर से चार से पांच दिन पहले इसकी जानकारी दी जाएगी।

About The Author