शिमला। गांव में महिलाओं को आत्मनिर्भर और समाजसेवा से जोड़ने के उद्देश्य से विकास खंड टूटु हीरानगर के तहत ग्राम पंचायत मायली जेजड़ कालीहटटी के गांव पतशाल में महिला मंडल का गठन किया गया है। यहां गांव की समस्त महिलाओं ने मिलकर नारीशक्ति महिला मंडल पतशाल की नई कार्यकारिणी का गठन किया और गांव के विकास के साथ-साथ पंचायत के विकास में सभी को साथ लेकर सहयोग करने का संकल्प लिया। बैठक में पूर्व पंचायत प्रधान भूपेंद्र सिंह ने शिरकत की। गांव पतशाल की सभी महिलाओं ने इस बैठक में उपस्थिति दी और सर्वसम्मति से चुनाव संपन्न करवाए
सर्वसम्मति से समाजसेविका कोमल ठाकुर को नारीशक्ति महिला मंडल की प्रधान पद पर चयनित किया गया। उनके नाम का प्रस्ताव सभी महिलाओं ने सर्वसम्मति से रखा और पास किया। निर्मला देवी को उप-प्रधान, सचिव पद पर रमा देवी और सह सचिव पद पर रीता देवी को चयनित किया गया । जबकि सावित्री देवी को कोषाध्यक्ष बनाया गया। इसके अलावा सामान्य कार्यकारिणी सदस्यों का चयन भी किया गया। इसमें निशा, सुषमा, अमरावती, तुलसी, इंदु, मीरा, सरोज, शालु, सत्या, बिमला, उर्मिला, शांति देवी, ज्योति, रेखा और पार्वती शामिल है। महिला मंडल के गठन के बाद प्रधान कोमल ठाकुर ने बताया कि इस गांव और पंचायत के विकास की हमारी प्राथमिकता रहेगी । महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई प्रकार के स्किल प्रशिक्षण दिए जाऐगें जिसके लिए विकास खंड और पंचायत का सहयोग लिया जाऐगा इसके अलावा महिलाओं द्वारा रास्तों की सफाई, प्राकृतिक स्रोतों को साफ करने, गांव में महिला मंडल भवन को बनाना, सिलाई-कढ़ाई और आचार मुरब्बा का प्रशिक्षण गांव में ही देकर रोजगार से महिलाओं को जोड़ने की योजना पर कार्य किया जाएगा।