
झाकड़ी। एसजेवीएन के 1500 मेगावाट नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन, झाकड़ी के खेल मैदान में आज अंतर-इकाई वॉलीबॉल एवं कबड्डी टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ परियोजना प्रमुख राजीव कपूर द्वारा एसजेवीएन ध्वज फहराकर किया गया। इस अवसर पर शिवालिक पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने पारंपरिक हिमाचली वाद्य यंत्रों के साथ मुख्य अतिथि का आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया। इसके पश्चात् उपस्थित सभी प्रतिभागियों एवं अधिकारियों द्वारा वंदे मातरम् का सस्वर गायन किया गया। कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत कर अनुशासन एवं खेल भावना का परिचय दिया।

अपने संबोधन में परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल भावना, अनुशासन, आपसी सहयोग एवं टीम भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन एवं आपसी सौहार्द का माध्यम नहीं हैं, बल्कि शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक स्फूर्ति और स्वस्थ जीवनशैली के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि झाकड़ी प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण एक अनूठा परियोजना स्थल है और इस प्रकार के आयोजन विभिन्न इकाइयों के कर्मचारियों को एक-दूसरे से जुड़ने, आपसी संवाद बढ़ाने तथा पारस्परिक भाईचारे एवं सौहार्द को सुदृढ़ करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ खेल के मूल्यों एवं मर्यादाओं को बनाए रखने की अपील की।

इस अवसर सभी खिलाड़ियों को खेल भावना एवं निष्पक्षता के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की शपथ भी दिलाई गई। प्रतियोगिता में एसजेवीएन की छह टीमें भाग ले रही हैं।
कार्यक्रम में शिवालिक पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने मनमोहक हिमाचली नाटी प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने विद्यार्थियों की इस सुंदर सांस्कृतिक प्रस्तुति की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। इसके उपरांत उन्होंने प्रथम मैच का शुभारंभ कर टूर्नामेंट का विधिवत आगाज किया।

इस अवसर पर मानव संसाधन विभागाध्यक्ष मनीष शर्मा ने अपने संबोधन में परियोजना प्रमुख राजीव कपूर के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस टूर्नामेंट की सराहना की। उन्होंने सभी प्रतिभागी टीमों एवं खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए झाकड़ी में उनकी सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया तथा प्रतियोगिता के सफल आयोजन हेतु शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में एनजेएचपीएस के समस्त विभागाध्यक्ष एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

