चंबा। जिला के पुलिस थाना चुवाड़ी के तहत एक पिकअप ट्राला खाई में गिर गई। हादसे में दो महिलाओं की मौत की मौत हो गई। इसके अलावा करीब 27 लोग घायल हुए हैं। इनमें चालक के अलावा बाकी सभी महिलाएं शामिल हैं। हादसे में स्थानीय गांव की निवासी आरती देवी और आशा देवी की मौत हो गई है। इसके अलावा गंभीर रूप से घायल सात महिलाओं को टांडा मेडिकल कालेज एवं अस्पताल में रेफर किया गया है। बताया जा रहा है ये महिलाएं सरैयां गांव एक शोक सभा में शामिल होने जा रही थीं। भराड़ी के पास सरोग नाला में यह हादसा पेश आया है। स्थानीय लोगों व पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। गंभीर रूप से घायल लोगों को चंबा व टांडा रेफर करने की प्रशासन ने पहले ही तैयारी कर ली थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना चुवाड़ी के तहत बकलोह चौकी की टीम मौके पर पहुंच गई तथा रेस्क्यू शुरू कर दिया गया। नागरिक अस्पताल चुवाड़ी से 108 एंबुलेंस घायलों को लाने के लिए रवाना कर दी गई। स्थानीय लोग भी रेस्क्यू अभियान में आगे आए। चुवाड़ी अस्पताल में भी अफरा तफरी का माहौल बन गया। अस्पताल का सारा स्टाफ हादसे के घायलों का उपचार करने में जुट गया।