करसोग। करसोग में कांग्रेस पार्टी में अनुशासन की व्यवस्था को बनाए रखने को लेकर नवनियुक्त प्रभारी रूपेश कंवल ने अपने इरादे स्पष्ट कर दिए हैं। यहां वीरवार को करसोग ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की विशेष बैठक में शामिल हुए रूपेश कंवल ने पार्टी कार्यकर्ताओं को एकजुटता का पाठ पढ़ाया। उन्होंने कहा की लोकतंत्र में टिकट के लिए दावेदारी जताना पार्टी कार्यकर्ताओं का संवैधानिक अधिकार है। टिकट चहवानो को हिदायत दी गई कि वे फील्ड में जाएं और पार्टी को मजबूत करने के लिए प्रचार और प्रसार करें, लेकिन अपने को व्यक्तिगत तौर पर प्रस्तुत करके कार्यकर्ताओं को तोड़ने का कतई प्रयास न करें। इस तरह की अनुशासनहीनता पार्टी बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने ब्लॉक कांग्रेस पार्टी को बूथ स्तर पर मजबूत करने के भी निर्देश दिए। रूपेश कंवल ने कहा की बूथ स्तर पर कमेटी का गठन कर हर कार्यकर्ता तक अपनी पहुंच बनाए, ताकि कांग्रेस पार्टी बूथ स्तर पर अधिक से अधिक लोगों को अपने साथ जोड़ सके। जिसका आने वाले समय में कांग्रेस को फायदा होगा। इसके लिए कार्यकर्ता आपसी सहयोग से और एकजुट होकर पार्टी के लिए कार्य करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस के शासन काल में हुए विकासकार्यों को भी लोगों के बीच में ले जाएं। इस दौरान उन्होंने स्थानीय विधायक पर भी निशाना साधा। रूपेश कंवल ने कहा कि हीरालाल करसोग का विकास करवाने में नाकाम रहे हैं। यहां सड़कों की हालत खराब है। शुद्ध पेयजल के नाम पर लोगों को भ्रमित किया जा रहा है। सिविल अस्पताल में डॉक्टरों की कमी है। करसोग में केंद्रीय विद्यालय और पॉलिटेक्निक कॉलेज के नाम पर जनता को ठगा गया है। ऐसे में अब आने वाले विधान सभा चुनाव में लोगों के पास भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर करने का मौका है। इसके लिए पार्टी कार्यकर्ता आज से एकजुट होकर अपना कार्य शुरू कर दे। जिसका फीडबैक ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की 5 अगस्त को होने वाली बैठक में ली जाएगी।