करसोग। हिमाचल में 12 नवंबर को मतदान होगा। इसके लिए राजनीतिक दलों का चुनावी प्रचार अभियान 10 नवंबर को सांय 5 बजे थम जाएगा। ऐसे में अब चुनाव प्रचार अभियान आखिरी चरण में है । इसको देखते हुए करसोग भाजपा मंडल ने मतदान से दो दिन पहले मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की आखिरी चुनावी जनसभा रखी है। यहां स्टार प्रचारक के तौर पर मुख्यमंत्री वीरवार को बरल के सत्संग मैदान में दोपहर बाद 2 बजे पहुंच कर चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे और लोगों से भाजपा प्रत्याशी दीपराज भंथल के पक्ष में मतदान करने की अपील करेंगे।
ऐसे में विपक्षी पार्टियों पर सियासी दवाब बनाने पर भाजपा मंडल का जनसभा में भारी भीड़ जुटाने का प्रयास रहेगा। जिसके लिए भाजपा ने तैयारियां जोरो पर हैं। इसके लिए बूथ स्तर कार्यक्रताओं को जिम्मेवारी सौंपी गई है। चुनाव प्रचार के आखिर में जनसभा को असरदार बनाने के लिए मंडी संसदीय क्षेत्र के सह प्रभारी बिहारी शर्मा, मंडलाध्यक्ष कुंदन ठाकुर व विधायक हीरालाल ने फील्ड में मोर्चा संभाल लिया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का गृह जिला होने की वजह से भाजपा की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी है।
दिग्गजों के बूथ पर भी लीड पर नजर
प्रदेश में भाजपा सत्ता पर है। ऐसे में भाजपा का संगठन सरकार के पांच साल के कार्यकाल में जनकल्याण की योजनाओं और विकासकार्यों को लोगों तक पहुंचाने में कितना सफल रहा है। चुनावी नतीजों में सरकार के दावों की सच्चाई भी सामने आ जाएगी। यही नहीं भाजपा के दिग्गज फील्ड में कितने प्रभावशाली रहे है। बूथ स्तर पर मिलने वाली लीड से ये भी तय हो जायेगा। भाजपा हाईकमान खुद भी पूरी स्थित पर नजर रखे हुए हैं।
मंडी संसदीय क्षेत्र के भाजपा सह प्रभारी बिहारी लाल शर्मा का कहना है कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर 10 नवंबर को सत्संग मैदान में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके लिए भाजपा मंडल तैयारियों में जुटा है। मुख्यमंत्री की जनसभा में हर पंचायत से लोग पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव में भाजपा का प्रदर्शन पिछली बार से भी अच्छा रहेगा।