करयाली। लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के बसंतपुर विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत करयाली के लगभग 3 करोड़ रूपए से बने 3 संपर्क मार्ग का लोकार्पण किया।
उन्होंने कहा कि आज इन तीन सड़कों का लोकार्पण किया गया है जोकि इस क्षेत्र के लोगों के लिए बहुत बड़ी सौगात है। उन्होंने कहा कि शाडा से नलाह संपर्क मार्ग का निर्माण 1 करोड़ 12 लाख, शाडा से नदोहत संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य 1 करोड़ 42 लाख एवं करयाली से मटेवग संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य 32 लाख रुपए से पूर्ण किया गया है।
उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त गांव खूण के संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य प्रगति पर है जिस पर लगभग 13 लाख रुपए खर्च किए जा रहे है।
लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि इन सड़कों को विधायक प्राथमिकता के तहत जल्द ही पक्का किया जाएगा ताकि क्षेत्र के लोगों को इन सड़कों का अधिक से अधिक लाभ मिल सके।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि ग्राम पंचायत करयाली में विभिन्न विकासात्मक कार्यों के लिए लगभग 11 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की जा चुकी है, जिसमें नवयुवक मंडल, महिला मंडल रास्ते एवं एम्बुलेंस सड़क का निर्माण किया जा रहा है।