ठियोग। शिमला जिला में कृषि कानूनों के विरोध में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर की अध्यक्षता में मंगलवार को गुम्मा से छैला तक पदयात्रा निकाली गई। कुलदीप राठौर ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार को देश व किसानों की चिंता नहीं है।कुलदीप राठौर ने गुम्मा में किसानों, बागवानों व पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार किसानों व बागवानों की आवाज नहीं दबा सकती है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर वर्ष 2022 में प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार रिपीट करने का सपना देख रहे हैं। कांग्रेस उनके मिशन रिपीट को मिशन डिलीट बनाकर दिखाएगी।
राठौर ने कार्यकत्र्ताओं से एकजुट होकर भाजपा को हराने के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले साल सेब की कीमत एकाएक कम होने के मामले में अडानी का हाथ है। उन्होंने बागवानी मंत्री पर पूर्व वीरभद्र सरकार के कार्यकाल की 1234 करोड़ की बागवानी परियोजना में रोड़ा अटकाने का आरोप लगाया।