करसोग। करसोग के विधायक हीरालाल कार्यकर्ताओं सहित वीरवार को मुख्यमंत्री के सरकारी आवास ओक ओवर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जयराम ठाकुर को जन्मदिन की बधाई देने के साथ मुख्यमंत्री को विश्व प्रसिद्ध धार्मिक पर्यटन स्थल तत्तापानी में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय लोहड़ी मकर सक्रांति पर्व में आने का भी निमंत्रण दिया। हालांकि प्रदेश में बढ़ रहे कोविड के मामलों को देखते हुए सरकार ने संक्रमण पर काबू पाने के लिए कुछ बंदिशें लगाई हैं। ऐसे में लोहड़ी मकर सक्रांति पर्व के आयोजन पर अभी संशय बना हुआ है, लेकिन इसके बाद भी मुख्यमंत्री को मकर सक्रांति पर्व पर पवित्र स्नान के लिए निमंत्रण दिया गया है। मुख्यमंत्री जिला मंडी से संबंध रखते हैं। इस तरह जयराम ठाकुर कोरोना काल को छोड़कर हर बार तत्तापानी में आयोजित होने वाले लोहड़ी मकर सक्रांति पर्व पर पवित्र स्नान करने पहुंचे है। इस दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने करसोग वासियों को करोड़ों की सौगातें दी हैं। पिछली साल जनवरो 2021 में लोहड़ी मकर सक्रांति पर्व कोरोना काल की भेंट चढ़ गया था। ऐसे में मेला आयोजित न होने से मुख्यमंत्री स्नान करने नहीं आ सके थे, लेकिन इस बार करसोगवासियों का मुख्यमंत्री को तत्तापानी लाने का पूरा प्रयास रहेगा जयराम ठाकुर की धर्मिक तीर्थ स्थल के प्रति आस्था है। ऐसे में जयराम ठाकुर ने कभी जनता के आग्रह को अस्वीकार नहीं किया और हमेशा तोहफों से करसोग की झोली भरी है। इस बार भी लोग मुख्यमंत्री के तत्तापानी आने की आस लगाए बैठे हैं।
विधायक हीरालाल ने बताया कि कार्यकर्ताओं के साथ सरकारी निवास ओक ओवर में पहुंचकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दी गई। मुख्यमंत्री को तत्तापानी में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय लोहड़ी मकर सक्रांति पर्व पर आने का भी निमंत्रण दिया गया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने हर बार तत्तापानी पहुंचकर करसोग वासियों को करोड़ों की सौगातें दी हैं।