करसोग। प्रदेश भाजपा ने करसोग को संगठन में महत्व दिया है। प्रदेशाध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने कुन्हों गांव से संबध रखने वाले बिहारी लाल शर्मा को संगठन में बड़ी जिम्मेवारी सौंपते हुए भाजपा प्रदेश महामंत्री बनाया है। वहीं लालग से पूर्व विधायक हीरालाल को संगठनात्मक जिला सुंदरनगर का बनाया गया हैं। इससे पूर्व बिहारी लाल शर्मा प्रदेश सचिव के पद पर रहकर पार्टी की मजबूती के लिए कार्य कर रहे थे। वे वर्तमान में ममेल वार्ड से जिला परिषद सदस्य भी हैं। करसोग के दोनों नेताओं का संगठन में कद बढ़ने से कार्यकर्ता काफी उत्साहित हैं।
विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत का मिला तोहफा:
भाजपा संगठन में करसोग के दो नेताओं को यूं ही बड़ी जिम्मेवारी नहीं मिली है। प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार दीपराज को भारी मतों से मिली जीत का करसोग भाजपा को तोहफा मिला है। पिछले साल दिसंबर में घोषित चुनाव परिणाम में भले ही कांग्रेस ने सत्ता के लिए जरूरी बहुमत के जुदाई आंकड़े को पार कर भाजपा के नया रिवाज बनाएंगे फिर भाजपा लाएंगे के नारे को ध्वस्त कर दिया था, लेकिन करसोग विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस को करारी हार झेलनी पड़ी थी। यहां भाजपा ने सिटिंग विधायक हीरालाल का टिकट काटकर युवा चेहरे दीपराज पर दाव खेला था। जिसका अंदर खाते पार्टी को विरोध का सामना भी करना पड़ा था, लेकिन इसके बावजूद भाजपा उम्मीदवार दीपराज 10,534 के मतों बड़े अंतराल से चुनाव जीते थे। ऐसे में इस जीत का सेहरा अब बिहारीलाल शर्मा और पूर्व विधायक हीरालाल से सिर पर सजा है।
मंडी लोक सभा सीट पर नजर:
देश में अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने सोच समझकर नेताओं को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेवारी सौंपी है। खासकर लोकसभा सीट को ध्यान में रखते हुए मंडी को संगठन में अहम रोल मिला हैं। विधानसभा में विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर मंडी जिला से हैं। वहीं प्रदेश कांग्रेस की मुखिया प्रतिभा सिंह भी वर्तमान में मंडी संसदीय क्षेत्र से सांसद है। ऐसे में आगामी लोकसभा चुनाव में मंडी हॉट सीट रहने वाली हैं। विधानसभा चुनाव में भी पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का मंडी जिला में लोगों के बीच बहुत बड़ा प्रभाव देखने को मिला था। यहां 10 विधानसभा सीटों में से भाजपा 9 सीटें जीतने में कामयाब रही थी।