ऊना. जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऊना की ओर से सचिव शिखा लखनपाल के मार्गदर्शन में बुधवार को विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनके माध्यम से उच्च जोखिम समूहों एवं संवेदनशील वर्गों को कानूनी अधिकारों तथा विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।

इनके तहत मुख्य चिकित्सा अधिकारी ऊना के कार्यालय में स्वास्थ्य विभाग और सनराइज एनजीओ के सहयोग से उच्च जोखिम समूहों एवं संवेदनशील वर्गों के लिए कानूनी जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें प्राधिकरण की पैनल अधिवक्ता बबीता शर्मा ने प्रतिभागियों को उनके कानूनी अधिकारों, संबंधित कानूनी प्रावधानों, पुलिस के अधिकारों एवं दायित्वों तथा निःशुल्क कानूनी सहायता के बारे में जानकारी दी। उन्होंने सर्वोच्च न्यायालय के बुद्धदेव कर्मस्कर बनाम पश्चिम बंगाल राज्य मामले में दिए गए फैसले के महत्वपूर्ण पहलुओं से भी अवगत करवाया।
वहीं, रुद्रा इंटरनेशनल स्कूल, बसाल में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के नशा जागरूकता एवं स्वस्थ जीवन मार्गदर्शन पखवाड़ा अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अधिवक्ता कुलबीर सिंह ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को नशे के दुष्प्रभावों, नशे की लत के शुरुआती लक्षणों तथा इसकी रोकथाम के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को नशे से दूर रखने में अभिभावकों की भूमिका पर भी प्रकाश डाला। साथ ही साइबर धोखाधड़ी और अन्य साइबर अपराधों से बचाव के तरीके बताए।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शिखा लखनपाल ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को उसके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना और जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध करवाकर न्याय तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करना प्राधिकरण का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने आमजन से जागरूकता कार्यक्रमों का लाभ उठाने तथा नशे और साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की अपील की।
