
शिमला। शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के सुन्नी में आयोजित खेल महाकुंभ का रविवार को विधिवत समापन हो गया। समापन समारोह में लोक निर्माण मंत्री एवं शिमला ग्रामीण के विधायक विक्रमादित्य सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और खेलों को युवाओं, महिलाओं तथा बुजुर्गों की प्रतिभा को निखारने का बेहतर माध्यम बताया।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि उन्हें खुशी है कि शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में लगातार महिलाओं और युवाओं के उत्थान के लिए इस तरह के आयोजन किए जा रहे हैं। कई वर्षों से खेल महाकुंभ जैसे कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं और इस वर्ष भी प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया। इसमें क्रिकेट के अलावा रस्साकशी, कबड्डी, वॉलीबॉल और बैडमिंटन सहित कई खेलों को प्रोत्साहित किया गया।
उन्होंने कहा कि इन प्रतियोगिताओं में युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला। उनका प्रयास रहता है कि विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों के साथ-साथ सामाजिक और खेल गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाए।
शिमला ग्रामीण में 650 से 700 करोड़ के विकास कार्य जारी
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। वर्तमान में क्षेत्र में करीब 650 से 700 करोड़ रुपये के विकास कार्य चल रहे हैं। हाल ही में सुन्नी-लूरी सड़क के निर्माण के लिए 70 करोड़ रुपये का एमओयू भी साइन किया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के साथ सामाजिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करना भी उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि खेल महाकुंभ का आयोजन पिछले करीब एक महीने से चल रहा था, जिसका आज विधिवत समापन किया गया।
10 करोड़ से पुनर्निर्मित थली पुल जनता को समर्पित
समारोह के दौरान विक्रमादित्य सिंह ने थली पुल को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान यह पुल क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके पुनर्निर्माण के लिए 10 करोड़ रुपये का बजट उपलब्ध करवाया गया। अब पुल का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और इसे दोबारा जनता को समर्पित कर दिया गया है।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि क्षेत्र में एक और नए पुल के निर्माण की योजना बनाई जा रही है। उन्होंने बताया कि तत्तापानी में पानी का स्तर बढ़ने के कारण यातायात की दृष्टि से एक बड़े पुल की आवश्यकता महसूस की जा रही है। आने वाले समय में यहां वाहनों की आवाजाही के लिए बड़े पुल का निर्माण प्रस्तावित है।
उन्होंने कहा कि इस पुल से मंडी जिले और सिराज क्षेत्र के लोगों को भी बेहतर यातायात सुविधा मिल सकेगी। मंडी और सिराज दोनों क्षेत्र उनके लिए महत्वपूर्ण हैं। सरकार और विभाग का प्रयास है कि इन क्षेत्रों के बीच सड़क संपर्क और आवागमन को बेहतर बनाया जाए।
खेल महाकुंभ के समापन के साथ ही विक्रमादित्य सिंह ने स्पष्ट किया कि विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी ढांचे के विकास के साथ युवाओं, महिलाओं और समाज के विभिन्न वर्गों को खेल एवं सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।
