ठियोग। दिनांक 15.11.2026 को ठियोग क्षेत्र से तीन नाबालिग बच्चों के लापता होने का मामला सामने आया। इस संबंध में एक अभिभावक की शिकायत पर पुलिस थाना ठियोग में दिनांक 16.11.2026 को FIR संख्या 174/26, धारा 137(2) BNS के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
शिकायत के अनुसार, तीनों बच्चे, जिनकी आयु 14 से 15 वर्ष के बीच है तथा जो ठियोग के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में पढ़ते हैं, दिनांक 15.11.2026 को शाम करीब 6 बजे दौड़ लगाने के लिए घर से निकले थे। लेकिन देर रात तक घर वापस न लौटने पर परिजनों को उनकी चिंता हुई और उनकी तलाश शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना ठियोग पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बच्चों की तलाश के लिए प्रयास तेज किए। पुलिस टीम ने त्वरित जांच एवं समन्वित प्रयासों के माध्यम से तीनों बच्चों को महज 8 घंटे के भीतर हरियाणा के पिंजौर क्षेत्र में गांव घाटीवाला (बिटना) बाईपास, शिवलोत्री मंदिर के समीप टिपरा से सकुशल तलाश कर लिया।
जांच के दौरान यह सामने आया कि तीनों बच्चे बिना अपने परिजनों को सूचित किए घूमने के लिए घर से बाहर चले गए थे।
तीनों बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। पुलिस द्वारा नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
