करसोग। करसोग में कांग्रेस ने भाजपा को आड़े हाथों लिया है। यहां शनिवार को पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस सचिव एवम करसोग विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी रूपेश कंवल ने भाजपा पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने हाल ही में एसडीएम सहित अन्य विभागों में रिक्त पदों को भरे जाने के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार प्रकट किया। रूपेश कंवल ने कहा कि सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार में करसोग के विकास को गति मिली है। यहां एसडीएम सहित सिविल अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों के 5 पद भरे जाने से साथ महाविद्यालय में प्राध्यापकों के करीब 10 पद भरे जा चुके हैं। इसी तरह से अन्य विभागों में खाली पदों को भरने की प्रकिया जारी है। उन्होंने बिना नाम लिए कहा कि कांग्रेस सरकार में हो रहे विकास का श्रेय ऐरे गैरे को लेने का अधिकार नहीं हैं। पिछले कुछ दिनों से देखने में आ रहा है कि सुक्खू सरकार के विकास का कुछ लोग श्रेय ले रहे हैं और सरकार पर दवाब में आकर कार्य करने का आरोप लगा रहे हैं। कांग्रेस सरकार विकास में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि पांच वर्षों में पूर्व की जयराम सरकार ने करसोग में स्थित शिक्षण संस्थानों सहित अन्य विभागों से अधिकारियों व कर्मचारियों के तबादले का ही कार्य किया। वहीं कांग्रेस सरकार सत्ता में आते ही अब खाली पदों को भरने का कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि पांच में से एक चिकित्सक ने कार्यभार ग्रहण कर दिया है, वहीं 4 डॉक्टर भी जल्द ही प्रभार संभाल लेंगे। जिससे करसोग की करीब सवा लाख की आबादी को बेहतर सुविधा मिलेगी। उन्होंने प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान की भी भरपाई की जाएगी। इसके लिए सरकार के समक्ष बात रखी जायेगी।इससे पूर्व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक भी आयोजित की गई। जिसमें करसोग के विकास सहित संगठन की मजबूती को लेकर चर्चा की गई। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पृथी सिंह नेगी , प्रदेश कांग्रेस सचिव निर्मला चौहान, वरिष्ठ कांग्रेस नेता महेश राज , उत्तम चन्द चौहान , कमल वर्मा ,महेंद्र ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।