दिवंगत आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना
मंडी। प्रदेश के मंडी जिले के पांगणा क्षेत्र में चरखड़ी गांव के समीप सोमवार सुबह निजी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला की दुःखद मृत्यु तथा कई यात्रियों के घायल होने की घटना पर डॉ. राजीव बिंदल, जयराम ठाकुर एवं कंगना रनौत ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि यह हादसा अत्यंत पीड़ादायक है। दिवंगत महिला के परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ देने की प्रार्थना की। उन्होंने जिला प्रशासन से घायलों को त्वरित एवं बेहतर चिकित्सीय सहायता सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि मंडी जिले में हुआ यह हादसा दुर्भाग्यपूर्ण है। भाजपा इस दुःख की घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और प्रशासन से राहत एवं उपचार कार्यों में कोई कमी न रखने का अनुरोध करती है।
मंडी से सांसद कंगना रनौत ने भी दुर्घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि इस हादसे की सूचना अत्यंत व्यथित करने वाली है। उन्होंने घायलों के समुचित उपचार और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
इस दुःखद घटना पर जगत प्रकाश नड्डा एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है। दोनों नेताओं ने दिवंगत महिला के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
भाजपा परिवार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है और ईश्वर से प्रार्थना करता है कि उन्हें इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।