इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान प्रधानमंत्री और मॉरीशस के प्रधानमंत्री के बीच द्विपक्षीय वार्ता

Share
SJVN Advertisement
SJVN Advertisement

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नई दिल्ली में इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के अवसर पर मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम के साथ द्विपक्षीय बैठक की। प्रधानमंत्री रामगुलाम की सितंबर 2025 की राजकीय यात्रा के पश्चात, उनके वर्तमान कार्यकाल में यह दूसरी भारत यात्रा है। यह मुलाकात 09 फरवरी 2026 को दोनों नेताओं के बीच हुई टेलीफोन बातचीत के बाद हुई है।

दोनों नेताओं ने उन्नत रणनीतिक साझेदारी की प्रगति और व्यापार, निवेश, समुद्री सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं डिजिटल सहयोग जैसे बहुआयामी क्षेत्रों में जुड़ाव की समीक्षा की। उभरती प्रौद्योगिकियों की बढ़ती प्रासंगिकता को स्वीकार करते हुए, उन्होंने समावेशी और सतत विकास को बढ़ावा देने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नवाचार-आधारित क्षेत्रों में सहयोग पर विचारों का आदान-प्रदान किया।

दोनों नेताओं ने मॉरीशस की विकास प्राथमिकताओं के समर्थन में भारत द्वारा दिए गए विशेष आर्थिक पैकेज के कार्यान्वयन की समीक्षा की। प्रधानमंत्री मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि मॉरीशस भारत की विकास साझेदारी के लिए एक रोल मॉडल है, जो आपसी विश्वास और प्रगति के प्रति साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

दोनों प्रधानमंत्रियों ने भारत के विजन महासागर (MAHASAGAR) और नेबरहुड फर्स्ट नीति के तहत भारत-मॉरीशस साझेदारी के स्थायी महत्व की पुष्टि की। उन्होंने आपसी समृद्धि और ग्लोबल साउथ की साझा प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने में इस साझेदारी के योगदान पर विशेष बल दिया।

दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय सहयोग को और अधिक मजबूत करने तथा हिंद महासागर क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि में योगदान देने के लिए मिलकर काम करना जारी रखने पर सहमति व्यक्त की।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *