
तकलेच, 20 जून। हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक (एचपीएससीबी) की तकलेच शाखा के नवनिर्मित भवन का शनिवार को बैंक के अध्यक्ष देवेंद्र श्याम ने विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर बैंक के निदेशक हरि कृष्ण हिमरल, प्रबंध निदेशक विनय सिंह (आईएएस) सहित वरिष्ठ बैंक अधिकारी, स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि, क्षेत्रवासी और बड़ी संख्या में बैंक के ग्राहक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अध्यक्ष देवेंद्र श्याम ने कहा कि बैंक तेजी से आधुनिकीकरण की दिशा में आगे बढ़ रहा है और चरणबद्ध तरीके से सभी शाखाओं का उन्नयन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भविष्य में सभी शाखाओं में बेहतर बैठने की व्यवस्था और आधुनिक बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।
उन्होंने बैंक की प्रगति का श्रेय प्रदेश सरकार के नेतृत्व और मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के मार्गदर्शन को देते हुए कहा कि बैंक प्रदेश के आम लोगों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।
देवेंद्र श्याम ने बताया कि उन्होंने हाल ही में मुंबई में भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के गवर्नर संजय मल्होत्रा से मुलाकात कर 28 नवंबर 2025 को जारी उन दिशानिर्देशों का मुद्दा उठाया, जिनके कारण सहकारी बैंकों को संस्थागत ऋणों से संबंधित अल्पकालिक नकद ऋण सीमा (कैश क्रेडिट) प्रदान करने में कठिनाई आ रही है। उन्होंने कहा कि आरबीआई गवर्नर ने इस मामले की समीक्षा का आश्वासन दिया है।
उन्होंने किसानों और बागवानों से बैंक की हाई-डेंसिटी एप्पल प्लांटेशन योजना का लाभ उठाने का आह्वान किया। इस योजना के तहत प्रति बीघा 8 लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा उन्होंने लोगों से बैंक की पिक-अप मिनी ट्रक ऋण योजना का भी लाभ लेने की अपील की, जिसमें सरल ब्याज दरों पर ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।