युवाओं को नेतृत्व एवं राष्ट्र निर्माण का दिया संदेश

Share
कुल्लू। मेरा युवा भारत, कुल्लू द्वारा 24 से 26 अगस्त तक कृषि विज्ञान केंद्र, बजौरा में तीन दिवसीय फ्यूचर यूथ लीडर्स बूटकैंप का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक कुल्लू  अभिषेक एस. ने किया।
SJVN Advertisement
इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र के निदेशक एस.एन. ठाकुर, जिला युवा अधिकारी प्रतिभा शर्मा तथा ब्रह्माकुमारी किरण एवं ब्रह्माकुमारी निर्मला सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
    कार्यक्रम में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा नेतृत्व क्षमता, प्रभावी संचार, डिजिटल एवं वित्तीय साक्षरता और शासन व्यवस्था सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी प्राप्त की।
     कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती माता की प्रतिमा के समक्ष माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी प्रतिभा शर्मा ने बूटकैंप की रूपरेखा एवं उद्देश्यों की जानकारी दी।
   पुलिस अधीक्षक  अभिषेक एस. ने अपने संबोधन में युवाओं को संवैधानिक मूल्यों, नशा मुक्ति, मानसिक स्वास्थ्य एवं नेतृत्व क्षमता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और सशक्त राष्ट्र के निर्माण के लिए युवाओं का मानसिक एवं शारीरिक रूप से स्वस्थ होना आवश्यक है तथा उन्हें देश के मूलभूत संवैधानिक मूल्यों का अनुसरण करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
    शिविर के पहले दिन विभिन्न सत्रों में युवाओं को नेतृत्व कौशल, प्रभावी संचार, डिजिटल एवं वित्तीय साक्षरता तथा शासन व्यवस्था की मूलभूत अवधारणाओं से अवगत करवाया गया।
    विशेषज्ञों ने युवाओं को नेतृत्व क्षमता विकसित करने, प्रभावी संवाद स्थापित करने तथा डिजिटल एवं वित्तीय रूप से जागरूक बनने के लिए आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन दिया। इसके अतिरिक्त युवा संसद के प्रथम सत्र के माध्यम से प्रतिभागियों को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं एवं शासन व्यवस्था को व्यावहारिक रूप से समझने का अवसर मिला।
   बूटकैंप के दौरान युवाओं ने विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी, आत्मविश्वास, निर्णय लेने की क्षमता तथा राष्ट्र निर्माण के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना है। प्रथम दिवस प्रतिभागियों के लिए सीखने, संवाद और नेतृत्व विकास की दिशा में एक सार्थक एवं प्रेरणादायक अनुभव रहा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *