कांगड़ा। सूबे में इंसानियत को तार तार करने का मामला सामने आया है। कांगड़ा में डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा के बाहर झाड़ियों में दो नवजातों के शव मिले हैं। शवों की हालत देखकर एक बार तो पुलिस वाले भी हैरान रह गए। शव आपातकालीन वार्ड के पास झाड़ियों में मिले हैं। पुलिस व अस्पताल प्रशासन मामले की जांच में जुट गए है।
DSP कांगड़ा सुनील राणा ने बताया कि अस्पताल कर्मियों ने शव देखे थे। उन्होंने इसकी जानकारी डॉक्टरों को दी। मेडिकल अधीक्षक डॉ. सुरेन्द्र भारद्वाज ने पुलिस को सूचित किया था। कांगड़ा थाना प्रभारी भारत भूषण ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और मामला दर्ज कर लिया है।
अब यह जानने की कोशिश की जा रही है कि बच्चे मृत पैदा हुए थे या फेंक दिए जाने से मरे हैं। लड़के हैं या लड़कियां, पोस्टमार्टम होने से पता चलेगा। लेकिन इस तरह की अमानवीय हरकत देखने वालों का मन बहुत दुखी हुआ। लोगों ने कहा, देश में एक ओर जहां लोग बच्चों के लिए दुआएं मांगते रहते हैं, वहां बच्चों के साथ ऐसा बर्ताव शर्मनाक है।